3.67 करोड़ रुपये का गुटखा-पान मसाला और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त
मुंबई. महाराष्ट्र में अन्न एवं औषध प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा और मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 और 12 जून 2026 को राज्यभर में 50 छापे मारे। इस दौरान प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला तथा अन्य खाद्य पदार्थों का 3.67 करोड़ रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया। साथ ही 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 8 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 3 वाहन जब्त किए गए।
प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले पर शिकंजा
FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर मुंबई, कोंकण, पुणे, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती और नागपुर क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। दो दिनों की कार्रवाई में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बेचने तथा परिवहन करने वाले 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा कानून की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
नागपुर में सबसे बड़ी जब्ती
गुप्त सूचना के आधार पर नागपुर में तीन वाहनों से करीब 84,992 किलो सुपारी का असुरक्षित और अप्रमाणित स्टॉक जब्त किया गया। इसकी कुल कीमत लगभग 1.95 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं छत्रपति संभाजीनगर में भी 7.35 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल और एक वाहन जब्त किया गया।
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी अभियान
FDA ने केवल गुटखा ही नहीं, बल्कि खाद्य तेल, पीने का पानी, दूध एवं दुग्धजन्य उत्पाद, खोया, पेड़ा, घी और गुड़ जैसे खाद्य पदार्थों की भी जांच की। 35 प्रतिष्ठानों की जांच में करीब 3.48 करोड़ रुपये मूल्य का 1.92 लाख किलो से अधिक खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया है।
दूध में मिलावट पर सख्त चेतावनी
12 जून को दूध और दुग्ध उत्पाद क्षेत्र के कारोबारियों के साथ हुई बैठक में आयुक्त तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही प्रतिबंधित गुटखा, तंबाकू और निकोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों के संगठित कारोबार में शामिल अपराधियों पर आवश्यकता पड़ने पर मोक्का कानून लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
