Hindi News / Crime / Featured

बांद्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : कुख्यात ‘आरिफ चीना गिरोह’ पर लगा मकोका

Article Top Ad

हफ्ता वसूली और जानलेवा हमले का आरोप
मुंबई (Mumbai) के बांद्रा पुलिस स्टेशन (Bandra Police Station) ने क्षेत्र में डर फैलाने और जबरन वसूली करने वाले कुख्यात अपराधी ‘आरिफ चीना गिरोह’ (Arif China Gang) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मकोका (MCOCA) कानून लगा दिया है। यह मामला 20 मई 2026 का है, जब गिरोह के सरगना मो. आरिफ मो. असलम शेख उर्फ चीना (Mohd. Arif Mohd. Aslam Shaikh alias China – 32 वर्ष) ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक मटन दुकानदार से उसकी दुकान चलाने के बदले 10,000 रुपये प्रति माह हफ्ता मांगा था।
​पिस्तौल और तलवार से दी धमकी
रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने दुकानदार पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर पीड़ित को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, दुकानदार को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रचते हुए आरिफ चीना के कहने पर गिरोह के सदस्यों ने अपने ही साथी मवाश अब्दुल अजीज सैयद (Mawash Abdul Aziz Sayyed – 34 वर्ष) को खुद ही गंभीर रूप से घायल कर दिया ताकि पीड़ित पर आरोप लगाया जा सके।
​तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
मामला दर्ज होने के बाद बांद्रा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना आरिफ चीना, उसके साथी मवाश अब्दुल अजीज सैयद और तीसरे आरोपी अजमल अय्यूब खान (Ajmal Ayyub Khan – 27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। इस आपराधिक गतिविधि में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
​पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
आरिफ चीना और उसके साथियों के खिलाफ साल 2016 से लगातार हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, छेड़छाड़ और चोरी जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। यह गिरोह इलाके में अपना वर्चस्व बनाने और आर्थिक फायदे के लिए अपराध करता था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बांद्रा पुलिस स्टेशन की टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad