कांदिवली पुलिस ने 3 साइबर सेंधमारों को दबोचा
6.25 लाख रुपए की पूरी रकम बरामद
मुंबई: महानगर गैस कंपनी (Mahanagar Gas Limited) के नाम पर गैस रीडिंग का झांसा देकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से लाखों रुपए उड़ाने वाले साइबर गिरोह का कांदिवली पुलिस (Kandivali Police) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गुजरात (Gujarat) के सूरत जिले (Surat district) के ओलपाड गांव (Olpad village) से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में ऑनलाइन ठगी के जरिए निकाली गई कुल 6,24,518 रुपए की रकम बरामद की गई है।
12 रुपए के भुगतान का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को शैलेश जयकिशन परमार (Shailesh Jaykishan Parmar) को गैस रीडिंग के लिए 12 रुपए का भुगतान करने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उनके मोबाइल पर महानगर गैस कंपनी के नाम से APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो गया और आरोपियों ने एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) खाते से 4,17,117 रुपए निकाल लिए। इसी तरह 9 मई 2026 को बकुल कांतीलाल देसाई (Bakul Kantilal Desai) को गैस रीडिंग अपलोड नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद उनके मोबाइल पर APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने के लिए कहा गया। फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) खाते से 2,07,401 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई।
गुजरात से पकड़े गए तीन आरोपी
दोनों मामलों की जांच कांदिवली पुलिस के साइबर सेल (Cyber Cell) ने तकनीकी जांच के आधार पर शुरू की। जांच के दौरान उर्विशकुमार राजेशभाई पटेल (Urvishkumar Rajeshbhai Patel), जनिकुमार प्रदीपभाई पटेल (Janikumar Pradipbhai Patel) और अंकितकुमार संजयभाई पटेल (Ankitkumar Sanjaybhai Patel) के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात के सूरत जिले के ओलपाड गांव से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने पीड़ितों के बैंक खातों से निकाली गई रकम का इस्तेमाल बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) से लिए गए गोल्ड लोन की किस्त चुकाने के लिए किया था। किस्त भरने के बाद उन्होंने गिरवी रखे सोने के आभूषण वापस ले लिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6,24,518 रुपए बरामद किए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती (Deven Bharti), पुलिस सह आयुक्त मनोजकुमार शर्मा (Manojkumar Sharma), अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अभिनव देशमुख (Dr. Abhinav Deshmukh), पुलिस उपायुक्त संदीप घुगे (Sandeep Ghuge) और सहायक पुलिस आयुक्त संतोष धनवटे (Santosh Dhanwate) के मार्गदर्शन में की गई। कांदिवली थाने (Kandivali Police Station) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवडे (Karan Sonkawade) और उनकी टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा ठगी की रकम बरामद करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
महानगर गैस APK फ्रॉड: गैस रीडिंग का झांसा देकर करते थे मोबाइल हैक
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad