निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी
युवाओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी
मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार) [Nationalist Congress Party (Ajit Pawar)] में संगठन को मजबूत करने के लिए अब निष्क्रिय पदाधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar) ने एनसीपी (NCP) कोर समिति की बैठक में साफ संकेत दिए कि संगठन में काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों को हटाकर उनकी जगह सक्रिय, निष्ठावान युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। सुनेत्रा पवार के इस सख्त रुख को पार्टी संगठन में सर्जिकल स्ट्राइक की शुरुआत माना जा रहा है।
‘देवगिरी’ में नेताओं को सख्त निर्देश
मुंबई स्थित ‘देवगिरी’ बंगले में हुई कोर समिति की बैठक में सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar) ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने नेताओं से पार्टी के आखिरी पायदान पर खड़े कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क साधने और उनकी समस्याओं को समझने को कहा।
बैठक में संगठन में सक्रियता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और युवा चेहरों को आगे लाने के संकेत से पार्टी के भीतर जल्द बड़े संगठनात्मक बदलाव की संभावना बढ़ गई है।
27 सितंबर को नासिक में शिविर
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे (Sunil Tatkare) ने बैठक के बाद बताया कि 27 सितंबर को नासिक (Nashik) में एक दिवसीय राज्यव्यापी शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्यभर से करीब 700 से 750 प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को आमंत्रित किया जाएगा।
शिविर में पार्टी की आगामी नीतियों और संगठन की दिशा को अंतिम रूप देने के साथ ही युवाओं तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी।
जिला परिषद चुनाव पर फोकस
आगामी जिला परिषद चुनावों को देखते हुए पार्टी ने संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी तय करना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटील (Dilip Walse Patil) को 22 जिलों का मुख्य समन्वयक बनाया गया है। उन्हें कम समय में इन जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मतदाता सूची और चुनाव प्रबंधन से जुड़े काम के लिए नवाब मलिक (Nawab Malik) को मुख्य समन्वयक और अनिल भाईदास पाटील (Anil Bhaidas Patil) को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में संगठन में सक्रिय नेताओं को आगे बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए एनसीपी (NCP) जल्द ही कई स्तरों पर बदलाव कर सकती है।
NCP के निकम्मी नेताओं पर गिरेगी गाज : सुनेत्रा पवार ने दिए सर्जिकल स्ट्राइक के संकेत

Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad