Hindi News / Featured / National and International

झांसी में पिंडदान के दौरान हादसा : श्राद्ध कर्म के दौरान सुखनई नदी में डूबे 5 लोग

Article Top Ad

पिता-पुत्र समेत भतीजे और भांजे की मौत, एक को बचाने के प्रयास में चार और डूबे
मऊरानीपुर. झांसी (Jhansi) के मऊरानीपुर (Mauranipur) थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में पिंडदान के लिए पहुंचे एक परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब 45 वर्षीय अनूप तिवारी पूजा के लिए नदी में उतरे और गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे परिवार के चार अन्य सदस्य भी डूब गए।
बचाने की कोशिश में पांचों डूबे
देवीसिंहपुरा निवासी परिवार के लोग एक परिजन के पिंडदान के लिए सुखनई नदी के किनारे पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे अनूप तिवारी नदी में उतरकर पूजा कर रहे थे। नदी के बीच पहुंचने पर वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में परिवार के चार अन्य लोग भी नदी में उतर गए। देखते ही देखते सभी पांच लोग गहरे पानी में फंस गए।
गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर चौकी और मऊरानीपुर थाना (Mauranipur Police Station) की पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से करीब 30 मिनट तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया। पांचों लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी मऊरानीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
पिता-पुत्र समेत पांच की मौत
मृतकों में अनूप तिवारी (45) और उनके बेटे अर्पित (12), भतीजे अभिनय तिवारी (26), भांजे पुष्कर शुक्ला (23) और जालौन निवासी श्रेयांश तिवारी (21) शामिल हैं। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से परिजनों में मातम छा गया।
आर्थिक सहायता की प्रक्रिया शुरू
मऊरानीपुर सीओ रत्नेश कुमार (Ratnesh Kumar) ने बताया कि अनूप तिवारी पिंडदान के लिए नदी पर पहुंचे थे और उन्हें बचाने के प्रयास में चार अन्य लोग भी डूब गए। एसडीएम मनोज कुमार भारती (Manoj Kumar Bharti) ने बताया कि नियमानुसार मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन 24 से 48 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad