आम आदमी पर बढ़ते आर्थिक बोझ को बताया गंभीर संकट
मुंबई : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने दादर स्टेशन पर प्रदर्शन किया। ‘आप’ ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम नागरिकों का जीवन और अधिक कठिन बना दिया है तथा इसका असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहकर पूरे आर्थिक तंत्र पर पड़ रहा है।
ईंधन मूल्य वृद्धि का किया विरोध
आम आदमी पार्टी मुंबई इकाई के कार्यकर्ताओं ने दादर स्टेशन पर एकत्र होकर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के अनुसार मुंबई में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 111.21 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 97.83 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। ‘आप’ का दावा है कि इस दौर में ईंधन की कीमतों में करीब 7.50 रुपए की वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
महंगाई की नई लहर का खतरा
पार्टी नेताओं ने कहा कि ईंधन कीमतों में वृद्धि का प्रभाव केवल पेट्रोल पंप तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर परिवहन, सब्जियों, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ता है। ऐसे समय में जब मध्य-पूर्व में जारी युद्ध की स्थिति और बेरोजगारी की चुनौती पहले से ही अर्थव्यवस्था पर दबाव बना रही है, ईंधन की बढ़ती कीमतें आम परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं।
‘आप’ का कहना है कि परिवहन लागत बढ़ने से दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी होती हैं, जबकि आम लोगों की आय और रोजगार के अवसर उसी अनुपात में नहीं बढ़ रहे हैं। इसका सीधा असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ रहा है।
सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ मुंबई की अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि ईंधन अब आम लोगों के लिए विलासिता की वस्तु बनता जा रहा है, जबकि आम परिवारों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में होने वाली हर वृद्धि का असर सीधे बच्चों की शिक्षा, परिवार के राशन और मजदूर वर्ग की आजीविका पर पड़ता है।

आम नागरिकों के साथ खड़े रहने का दावा
प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि मुंबई के नागरिकों को आर्थिक संकट की ओर धकेला जा रहा है और आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी उन सभी नागरिकों के साथ खड़ी है जो बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत के बीच अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मुंबई में मौजूदा ईंधन कीमतें
पेट्रोल: 111.21 रुपए प्रति लीटर
डीजल: 97.83 रुपए प्रति लीटर
हालिया वृद्धि: लगभग 7.50 रुपए

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version