मुंबई : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 7 ने पांच साल पुराने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने पैसों के लेन-देन के विवाद में अपने ही दोस्त की हत्या कर उसके शव और मोटरसाइकिल को फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंककर सड़क दुर्घटना का रूप दे दिया था।
गुप्त सूचना से हुआ मामले का पर्दाफाश
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा कक्ष-7, घाटकोपर को कणकवली पुलिस थाने में दर्ज वर्ष 2022 के सड़क दुर्घटना संबंधी मामले की जांच के दौरान गुप्त जानकारी प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि कुडाल (जिला सिंधुदुर्ग) में हुई एक कथित सड़क दुर्घटना वास्तव में सुनियोजित हत्या थी।
पैसों के विवाद में दोस्त को उतारा मौत के घाट
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मृतक अशफाक मुलानी उर्फ निहाल निवासी मालशिरस, जिला सोलापुर के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में आरोपियों ने साजिश रचकर उसे कुडाल के एक होटल में बुलाया और आधी रात के समय उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
शव और बाइक खाई में फेंककर रची दुर्घटना की साजिश
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से अशपाक मुलाणी के शव और उसकी मोटरसाइकिल को सिंधुदुर्ग के फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंक दिया। इसके बाद ऐसा दिखाने की कोशिश की गई कि उसकी मौत मोटरसाइकिल दुर्घटना में हुई है।
चार आरोपी हिरासत में, अन्य साथियों की तलाश
इस मामले में मनोज नारायण भंडगे, सुरेंद्र चंद्रहास सोनवडेकर, अतिष भगवान मोरे और ऋतुराज शेट्टी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अमित राउत और मनोज भंडारी नामक दो अन्य साथियों की संलिप्तता की भी जानकारी दी है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार आरोपियों को कणकवली पुलिस थाने, जिला सिंधुदुर्ग के हवाले कर दिया गया है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की विशेष टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कक्ष-7 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आत्माजी सावंत और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version