मुंबई: कांदिवली-पश्चिम स्थित लालजी पाडा इलाके में दो गुटों के बीच हो रहे झगड़े को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, बल्कि सरकारी वाहन पर पथराव कर उसे भी नुकसान पहुंचाया। यह घटना रविवार, 14 दिसंबर 2025 की रात करीब 8:45 से 9:15 बजे के बीच लालजी पाडा, दीपक पार्किंग क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता पुलिसकर्मी सागर सुदाम बाबर (32) को सूचना मिली थी कि खाड़ी क्षेत्र में दो गुटों के बीच रॉड और डंडों से हिंसक झड़प हो रही है। जब सागर बाबर मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने एक गुट के भीम कनोजिया को शिकायत दर्ज कराने के लिए अन्य पुलिस कर्मियों के साथ थाने भेजा। इसके बाद, जब उन्होंने दूसरे गुट के मुख्य आरोपी पप्पू झा को मोबाइल वैन में बैठने के लिए कहा तो वह भड़क गया।
पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट
आरोपी पप्पू झा ने पुलिसकर्मी बाबर के साथ बहस शुरू कर दी और उनके साथ धक्का-मुक्की की। इसी बीच पप्पू झा के माता-पिता, भाई और दोस्त वहां पहुंच गए। इन सभी ने मिलकर पुलिसकर्मी को गालियां दीं और मारपीट करने लगे। इस दौरान ‘कांदिवली-1’ मोबाइल वैन में मौजूद एएसआई कुंभार और पुलिस हवलदार खोत ने बाबर की बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं पत्थर मारकर सरकारी वैन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में पप्पू झा, चंद्रकांत झा, सुमन झा, गुड्डू झा और विक्की सिंह, ऐसे कुल पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और फौजदारी कानून (संशोधन) अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें सरकारी काम में बाधा डालना, लोक सेवक पर हमला करना और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलवंत देशमुख के मार्गदर्शन में कांदिवली पुलिस स्टेशन के पीएसआई गदाले मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version