मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने मंगलवार को पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की। इस कार्यकारिणी में मुख्य प्रवक्ता, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। आगामी विधानसभा, स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह टीम चुनी गई है।
पत्रकार परिषद में रविंद्र चव्हाण ने कहा कि चुनाव आचार संहिता और स्थानीय निकाय चुनावों के चलते यह घोषणा लंबित थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, शिवप्रकाश और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद नामों को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या बहुत अधिक है, लेकिन संवैधानिक सीमाओं के कारण सभी को पद देना संभव नहीं। जिन कार्यकर्ताओं को इस सूची में स्थान नहीं मिला है, उन्हें आने वाले समय में अन्य मोर्चों और जिम्मेदारियों में अवसर दिया जाएगा।
युवा और आक्रामक चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा और आक्रामक चेहरों को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। सुजय विखे पाटील, भारती पवार, गोपीचंद पड़लकर जैसे नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं नवनाथ बन को प्रमोशन देते हुए पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
कृष्णराज महाडिक बने युवा मोर्चा अध्यक्ष
यूट्यूब पर युथ आइकॉन के रूप में पहचान बना चुके और कोल्हापुर के सांसद धनंजय महाडिक के पुत्र कृष्णराज महाडिक को भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। इस फैसले पर धनंजय महाडिक ने खुशी जताते हुए कहा कि अब कृष्णराज राज्यभर के युवाओं को भाजपा से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा, “भाजपा कभी कार्यकर्ता पर अन्याय नहीं करती। कृष्णराज उगता हुआ सूरज है, उसे कोई ढक नहीं सकता।”
नवनाथ बन को बड़ी जिम्मेदारी
अब तक पार्टी के मीडिया प्रमुख की भूमिका निभा चुके नवनाथ बन को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनकी आक्रामक और स्पष्ट संवाद शैली से भाजपा को मीडिया और जनमत में मजबूती मिलेगी।
कोषाध्यक्ष और अन्य अहम नियुक्तियां
भाजपा ने मिहिर कोटेचा को महाराष्ट्र प्रदेश का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं अरुण लखानी को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मोर्चा अध्यक्षों की भी घोषणा
नई कार्यकारिणी में विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के नाम भी घोषित किए गए हैं—
महिला मोर्चा अध्यक्ष: चित्रा वाघ
ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष: योगेश टिलेकर
किसान मोर्चा अध्यक्ष: रामकृष्ण वेताल
एससी मोर्चा अध्यक्ष: विश्वजित गायकवाड
एसटी मोर्चा अध्यक्ष: देवराव होली
भटके-विमुक्त मोर्चा अध्यक्ष: नरेंद्र पवार
अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष: इद्रिस मुलतानी
भाजपा में किसे क्या जिम्मेदारी? (संक्षिप्त सूची)
उपाध्यक्ष: अतुल कालसेकर (कोकण), भारती पवार (उत्तर महाराष्ट्र), सुजय विखे (उत्तर महाराष्ट्र), गोपीचंद पड़लकर (पश्चिम महाराष्ट्र), केशव उपाध्ये (मुंबई) सहित कुल 10 नेता
महासचिव: निरंजन डावखरे, योगेश सागर, संजय कूटे, माधवी नाईक, राजेश पांडे, सुनील राणे
सचिव: प्रशांत ठाकुर, मंगेश चव्हाण, परिणय फुके, वर्षा ढहाले, राम सातपुते सहित 11 नेता
‘सभी का योगदान महत्वपूर्ण’
जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं को पद नहीं मिला, उनका योगदान भी उतना ही महत्वपूर्ण है। संगठन की मजबूती के लिए सभी को साथ लेकर चलना भाजपा की परंपरा रही है। नई कार्यकारिणी के जरिए भाजपा ने साफ संकेत दे दिया है कि पार्टी आगामी चुनावों में अनुभव और युवा जोश के संतुलन के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
-रविंद्र चव्हाण, प्रदेशाध्यक्ष – बीजेपी
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
