मुंबई. दिल्ली के लालकिला परिसर में हुए बम धमाके के बाद पूरे देश में सकते में है. जांच एजेंसियां धमाके में शामिल लोगों की शिनाख्त एवं धरपकड़ में जुटी हैं. इसी बीच बुधवार को मुंबई सहित देश के 5 बड़े हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस को बुधवार को दोपहर करीब 3:30 बजे एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें मुंबई एयरपोर्ट सहित देश के पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. ईमेल में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, त्रिवेंद्रम (तिरुवनंतपुरम) और हैदराबाद हवाई अड्डों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी मिलने के बाद सभी जगह सघन जांच शुरू कर दी गई है. लेकिन यह ईमेल किसने और कहां से भेजा है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है.
एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को भी मिली थी धमकी
इससे पहले, मुंबई से वाराणसी जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इस धमकी के बाद वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था. विमान को तत्काल आपातकालीन लैंडिंग कराकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बम निरोधक दस्ते (बीडीडी स्क्वॉड) ने विमान की सघन जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

एअर इंडिया एक्सप्रेस का आधिकारिक बयान
इस धमकी से मचे हड़कंप के बीच, एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि, ‘वाराणसी जाने वाले हमारे एक विमान को धमकी मिली थी. इसके तुरंत बाद हमने सरकार की बम के खतरे का मूल्यांकन करने वाली समिति को सूचना दी और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तुरंत लागू किए गए. विमान को सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं. सभी तरह की जांच पूरी होने के बाद विमान को आगे की उड़ान के लिए छोड़ा जाएगा.’

दिल्ली बम विस्फोट के बाद हाई अलर्ट
दिल्ली बम विस्फोट के बाद देश के अधिकांश हवाई अड्डों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. सभी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. हवाई अड्डों के अंदर और बाहर सीआईएसएफ और एयरपोर्ट पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं. किसी भी खतरे से बचने के लिए श्वान दल (डॉग स्क्वॉड) और बम निरोधक दस्ते को भी सतर्क रखा गया है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version