शक में शैतान बना लिव-इन पार्टनर
ठाणे : कल्याण के आंबिवली-बनेली इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 22 वर्षीय युवती की उसके पार्टनर ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले युवती को यह भरोसा दिलाकर वापस घर बुलाया कि वह अब कभी उसके साथ मारपीट नहीं करेगा, लेकिन कुछ ही घंटों बाद चरित्र पर शक करते हुए उसने युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो से तीन साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों
मृत युवती की पहचान सारिका उर्फ रुक्सार अंसारी (22) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम सतीश उर्फ गुड्डू वाघे बताया गया है। जानकारी के मुताबिक दोनों पिछले दो से तीन वर्षों से आंबिवली इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, सतीश अक्सर रुक्सार के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से उसके साथ मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ना करता था। दो दिन पहले भी उसने रुक्सार के साथ बुरी तरह मारपीट की थी, जिसके बाद परेशान होकर वह अपने माता-पिता के घर चली गई थी।
मारपीट से तंग थी सारिका
शनिवार शाम आरोपी सतीश, रुक्सार (सारिका) के मायके पहुंचा और उससे कहा कि वह अब कभी उस पर हाथ नहीं उठाएगा और दोनों प्यार से जिंदगी बिताएंगे। आरोपी की बातों पर भरोसा कर रुक्सार उसके साथ वापस घर लौट आई। लेकिन रविवार तड़के एक बार फिर सतीश को उस पर शक हुआ और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
रातभर की बेरहम पिटाई
गुस्से में आरोपी ने पहले रुक्सार को डंडे, लात और घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। युवती लगातार चीखती रही, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इसके बाद उसने घर में रखा टीवी और पानी से भरा तांबे का हंडा सीधे रुक्सार के सिर पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना की जानकारी मिलते ही रुक्सार के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत टिटवाला ग्रामीण अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहां समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं हो सका, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद रुक्सार को उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के बाहर घूमता मिला आरोपी
रुक्सार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। इसी दौरान परिजनों ने आरोपी सतीश को सेंट्रल अस्पताल परिसर में घूमते हुए देखा। गुस्साए परिजनों ने उसे वहीं पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में आरोपी को टिटवाला पुलिस के हवाले कर दिया गया।टिटवाला पुलिस ने आरोपी गुड्डू वाघे को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

