मुंबई: मुंबई महानगरपालिका चुनाव की पृष्ठभूमि पर महाराष्ट्र का राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर है। राज्य में कुल 29 महानगर पालिकाओं के चुनाव होने हैं, लेकिन सबकी निगाहें मुंबई पर टिकी हैं। इसी बीच, मतदान करीब आते ही रविवार को मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क (शिवतीर्थ) पर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की एक संयुक्त महारैली आयोजित हुई। इस सभा में दोनों भाइयों ने भाजपा पर तीखे हमले किए। उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि भाजपा का इरादा मुंबई को उद्योगपति गौतम अडानी को बेचने और मुंबई को फिर से ‘बॉम्बे’ बनाने का है।
मोरारजी देसाई और ‘नरराक्षस’ का जिक्र अपने भाषण की शुरुआत में उद्धव ठाकरे ने संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा दावा कर रही है कि मुंबई का मेयर हिंदू ही होगा, लेकिन इतिहास गवाह है कि संयुक्त महाराष्ट्र की लड़ाई में जनसंघ कहीं नहीं था। उद्धव ने कहा, “संयुक्त महाराष्ट्र समिति मेरे दादाजी और अन्य लोगों ने बनाई थी। उस समय भी गुजरात की नजर मुंबई पर थी। मोरारजी देसाई जैसा ‘नरराक्षस’ गुजरात में पैदा हुआ था, जिसने संयुक्त महाराष्ट्र के लिए लड़ने वाले आंदोलनकारीयों पर गोलियां चलवाई थीं। याद रहे, मोरारजी देसाई भी हिंदू ही थे।” उन्होंने शाहीर अमर शेख की पंक्तियों, ‘दो कौड़ी का मोल, मराठा बिकने को तैयार नहीं’ का हवाला देते हुए देवेंद्र फडणवीस को चेतावनी दी कि हमें खत्म करने की कोशिश न करें।
अदानी पर हमला
मुंबई अडानी के गले में उतारने की तैयारी उद्धव ठाकरे ने भाजपा नेता अन्नामलाई के मुंबई दौरे का जिक्र करते हुए कहा, “इनकी योजना मुंबई को फिर से ‘बॉम्बे’ बनाने की है। मैं स्पष्ट करता हूं कि हमें महानगर पालिका की सत्ता क्यों चाहिए? क्योंकि भाजपा मुंबई को अडानी के गले में उतारना चाहती है। मुंबई में प्रदूषण निर्माण कार्यों के कारण है और इन निर्माण कार्यों का 70% सीमेंट अडानी से आता है।”
“भाजपा मुंबई, महाराष्ट्र और देश बेच रही है- राज ठाकरे
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुंबई, महाराष्ट्र और पूरे देश को बिक्री के लिए निकाल दिया है। 20 साल बाद उद्धव के साथ आएने की वजह बताते हुए राज ठाकरे ने भावुक होकर कहा, “आज इस मंच पर हम दोनों भाइयों को साथ देखकर बालासाहेब ठाकरे, माँ और मेरे पिताजी (श्रीकांत ठाकरे) को होना चाहिए था। मैं 20 साल बाद पहली बार गठबंधन कर रहा हूं क्योंकि मुंबई पर संकट आया है। हिंदी की जबरदस्ती और मुंबई के अस्तित्व पर हमले के खिलाफ हम एक हुए हैं।”
अडानी का साम्राज्य और ‘लाव रे तो वीडियो’
राज ठाकरे ने अपने चर्चित अंदाज में “लाव रे तो वीडियो” (वो वीडियो लगाओ) कहते हुए स्क्रीन पर गौतम अडानी की संपत्ति का ब्यौरा पेश किया। उन्होंने दिखाया कि कैसे 2014 से 2024 के बीच अडानी का साम्राज्य पूरे देश में फैल गया है। राज ने आरोप लगाया, “अकोट में भाजपा ने MIM से गठबंधन किया, बदलापुर में कांग्रेस से हाथ मिलाया। तुषार आप्टे जैसे बलात्कार के आरोपी और ड्रग रैकेट में शामिल विनोद गंगणे जैसे लोगों को टिकट दिया गया। यह हिम्मत कहां से आती है? जब चुनाव जीतने का गलत तंत्र हाथ लग जाता है, तब ऐसी मस्ती आती है।”
“डबल वोटर दिखा तो सुबह 7 बजे ही पीट दो”
अपने भाषण के अंत में राज ठाकरे ने मराठी मानुस को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “यह मराठी मानुस के लिए आखिरी चुनाव है। अगर आज चूके, तो हमेशा के लिए मुंबई खो दोगे। अगर मुंबई गई, तो हुतात्माओं के पुतलों का क्या अर्थ रह जाएगा?” उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “ईवीएम मशीन पर नजर रखें। सुबह 6 बजे सेंटर पर पहुंच जाएं। अगर कोई ‘दुबार’ (फर्जी/डबल) वोटर दिखाई दे, तो सुबह 7 बजे ही उसे फोड़ (पीट) दें। आपस में न लड़ें, असली लड़ाई उनसे है।”
“दिल्ली के सामने नहीं झुकेंगे”-आदित्य ठाकरे:
सभा को संबोधित करते हुए आदित्य ठाकरे ने विकास कार्यों का लेखा-जोखा पेश किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ‘वॉटर, गटर और मीटर’ का है। आदित्य ने कोस्टल रोड का जिक्र करते हुए एक फोटो दिखाई और चुनौती दी, “इस फोटो में उद्धव जी हैं, मैं हूं, लेकिन फडणवीस कहां हैं? अगर इसमें फडणवीस दिख जाएं तो मैं 3000 रुपये इनाम दूंगा।” अंत में आदित्य ठाकरे ने जनता से सवाल किया, “अगर मुंबई को दिल्ली के सामने सिर उठाकर खड़ा रखना है, तो किसे वोट देंगे? मशाल, इंजन और तुतारी (शिवसेना UBT, मनसे और NCP-SP के चुनाव चिन्ह) के बटन दबाकर ही मुंबई की अस्मिता बचाई जा सकती है।”
