मुंबई: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच (यूनिट-4) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 17 वर्षों से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला साल 2008 का है, जब ड्रग्स के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
दिनांक 1 अक्टूबर 2008 को मुलुंड (पश्चिम) के डांगरपाडा इलाके में राजेश सोनी लखवाणी (31 वर्ष) की धारदार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि यह हत्या मादक पदार्थों (ड्रग्स) के लेन-देन में हुए विवाद के कारण की गई थी। इस मामले में मुलुंड पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 302, 34, 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ऐसे चढ़ा हत्थे
इस केस में पुलिस ने पहले दो आरोपियों (अरुण और सनी) को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दुर्गेश उर्फ छोटू अवदेश गौडा तब से फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच यूनिट-4 को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी दुर्गेश मुंबई के एंटॉप हिल (रावली कैंप) इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और तकनीकी कौशल की मदद से आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुलुंड पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
यह सफल ऑपरेशन मुंबई पुलिस आयुक्त श्री देवेन भारती, सह-आयुक्त (क्राइम) श्री लखमी गौतम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र क्षीरसागर, सहायक निरीक्षक अजय बिराजदार और उनकी टीम द्वारा अंजाम दिया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version