मुंबई: अपराध की सच्ची घटनाओं पर आधारित टीवी शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतीश नायकोडे (Satish Naykode) पश्चिमी उपनगर में सस्ता घर दिलाने के नाम पर ठगों ने कथित तौर पर 25 लाख रुपए का चूना लगा दिया। बीते एक वर्ष से न्याय की तलाश में पुलिस थानों के चक्कर लगा रहे अभिनेता का आरोप है कि अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। इस बीच उनके पिता का निधन हो गया और मानसिक तनाव इतना बढ़ गया कि उन्होंने आत्महत्या करने का भी प्रयास किया। अभिनेता ने भावुक होकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द न्याय की मांग की है।
एसआरए फ्लैट दिलाने का दिया गया था झांसा
सतीश नायकोडे ने बताया कि उन्हें सांताक्रूज (Santacruz) स्थित एक एसआरए (SRA) परियोजना में घर दिलाने का भरोसा दिलाया गया। इसी दौरान उनकी मुलाकात आस्था प्रॉपर्टीज (Aastha Properties) से जुड़े लोगों से हुई। आरोप है कि सरकारी दस्तावेज, स्टाम्प पेपर, अधिकारियों के हस्ताक्षर और मुहरें दिखाकर उनका विश्वास जीता गया और करीब 25 लाख रुपये ले लिए गए।
कागजात देखकर किया भरोसा
अभिनेता के अनुसार, पश्चिमी रेलवे लाइन क्षेत्र में काम के कारण वह अपना घर खरीदना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात सच्चिदानंद बामणे (Sachchidanand Bamane) नामक व्यक्ति से हुई, जिसने पहले एक चॉल का घर दिखाया। बाद में वह सौदा नहीं हो सका तो उन्हें वाकोला (Vakola) में एसआरए फ्लैट दिखाने का भरोसा दिया गया। कई अन्य परिवार भी वहां मौजूद थे, जिससे उन्हें पूरा मामला विश्वसनीय लगा।
47 परिवारों के फंसने की आशंका
सतीश नायकोडे का दावा है कि इस कथित धोखाधड़ी में करीब 47 परिवार फंसे हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की और वर्ष 2025 की शुरुआत में बांद्रा पुलिस स्टेशन (Bandra Police Station) में मामला दर्ज कराया। इसके बावजूद अब तक उन्हें न तो पैसा वापस मिला और न ही घर।
पिता की मौत के बाद अभिनेता ने किया था आत्महत्या का प्रयास
अभिनेता ने बताया कि वह हर महीने घर के खर्च के साथ 40 से 45 हजार रुपये की किस्त भर रहे हैं। आर्थिक और मानसिक दबाव के बीच उनके पिता का निधन हो गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया और उन्होंने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन बच्चों का चेहरा देखकर अपना इरादा बदल दिया। उन्होंने कहा कि कलाकारों के लिए कोई सामाजिक सुरक्षा या पेंशन नहीं होती और इस धोखाधड़ी ने उनका जीवन बर्बाद कर दिया है।
न्याय की लगाई गुहार
एक समाचार चैनल से बातचीत में भावुक हुए सतीश नायकोडे ने कहा कि वह पिछले एक साल से न्याय की उम्मीद में संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

