मुंबई: मामा से हुए विवाद का गुस्सा एक वर्षीय मासूम पर उतारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुर्ला के विनोबा भावे नगर इलाके से एक मूकबधिर युवक ने अपने ही रिश्तेदार के एक वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया और उसे डोंबिवली में एक बंद ऑटो रिक्शा में छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, विष्णूनगर पुलिस (Vishnunagar Police) और विनोबा भावे नगर पुलिस (Vinoba Bhave Nagar Police) की तत्परता तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित जानकारी के चलते मासूम कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया।
मामा से झगड़े के बाद उठाया बच्चा
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की सुबह 25 वर्षीय अमन सकट (Aman Sakat) का अपने मामा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के गुस्से में उसने अपने मामा के एक वर्षीय बेटे को घर से उठाकर ले गया। घर के एक सदस्य ने बच्चे के गायब होने की जानकारी उसकी मां को दी, जिसके बाद विनोबा भावे नगर पुलिस थाने में बच्चे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
सोशल मीडिया से मिली बड़ी मदद
शिकायत दर्ज होते ही कुर्ला पुलिस ने बच्चे का फोटो और विवरण विभिन्न व्हॉट्सऐप समूहों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर दिया। इसी दौरान दोपहर में डोंबिवली के कोपर पुल (Koper Bridge) स्थित पुलिस चौकी के पास खड़े एक ऑटो रिक्शा से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय नागरिकों ने विष्णूनगर पुलिस को सूचना दी।
फोटो से हुई पहचान, मां को सौंपा गया मासूम
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची विष्णूनगर पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीर से उसकी पहचान विनोबा भावे नगर क्षेत्र से लापता हुए बच्चे के रूप में हुई। इसके बाद विष्णूनगर पुलिस ने कुर्ला पुलिस से संपर्क कर बच्चे की मां की पहचान सुनिश्चित की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम को सकुशल उसकी मां के हवाले कर दिया।
आरोपी की तलाश जारी
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अमन सकट (Aman Sakat) ने मामा से हुए विवाद के चलते गुस्से में यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूकबधिर है। फिलहाल विनोबा भावे नगर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने बताया सोशल मीडिया की अहम भूमिका
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चे की तस्वीर और जानकारी समय रहते सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से उसकी पहचान शीघ्र हो सकी। इसी वजह से मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाना संभव हो पाया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version