मुंबई : मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने बैंक खाते और सिम कार्ड दुबई भेजकर ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी में इस्तेमाल करने वाले बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
फर्जी कंपनियों के नाम पर खोले जाते थे खाते
पुलिस के अनुसार आरोपी मुंबई की अलग-अलग बैंकों में फर्जी कंपनियों के नाम पर चालू खाते खुलवाते थे। इन खातों को सक्रिय करने के बाद सिम कार्ड के साथ दुबई भेजा जाता था। वहां इनका इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और साइबर धोखाधड़ी के लिए किया जाता था
गुप्त सूचना पर मारा छापा
पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने बताया कि अपराध शाखा की यूनिट-2 को सूचना मिली थी कि मस्जिद बंदर पश्चिम स्थित इसाजी स्ट्रीट के पार्श्व चैंबर्स में जी.डी. ओवरसीज नाम से फर्जी कार्यालय चल रहा है। इसी कार्यालय से बैंक खातों और सिम कार्डों को सक्रिय कर दुबई भेजा जाता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारकर छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बड़ी मात्रा में सामान जब्त
छापे के दौरान पुलिस ने 66 एटीएम कार्ड, 122 चेकबुक, 15 पासबुक, 12 सिम कार्ड, दो कंप्यूटर, एक कलर प्रिंटर, दो पेन ड्राइव और 68 फर्जी कंपनियों की रबर स्टैंप बरामद कीं। इसके अलावा बैंक खाते खोलने के आवेदन, बिजली के बिल और कई कंपनियों के फर्जी पंजीकरण प्रमाणपत्र भी जब्त किए गए।
8 जुलाई तक पुलिस हिरासत
सभी आरोपियों के खिलाफ पायधुनी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जांच अपराध शाखा की यूनिट-2 को सौंपी गई है। अदालत ने सभी आरोपियों को 8 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि अब तक दुबई कितने बैंक खाते भेजे गए और इस गिरोह के संबंध किन बड़े साइबर अपराधियों से हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version