कत्ल की वारदात से धारावी में हड़कंप
मुंबई: धारावी इलाके में काले जादू के शक में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। 58 वर्षीय आरोपी अमृत सोलंकी को धारावी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को लंबे समय से शक था कि उसकी पत्नी सूरजबेन सोलंकी उस पर काला जादू कर रही है। इसी शक के चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर और बोतल से हमला कर हत्या कर दी।
वीडियो कॉल से हुआ घटना का खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब दंपती का 33 वर्षीय बेटा शिवराम सोलंकी, जो मुलुंड में रहता है, धारावी स्थित अपने माता-पिता के घर पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने अपने पिता को फोन किया। फोन उठाने के बाद आरोपी ने बेटे को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल करने के लिए कहा। वीडियो कॉल के दौरान अमृत सोलंकी ने कथित तौर पर अपने बेटे को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद उसने मोबाइल का कैमरा घुमाकर फर्श पर पड़े सूरजबेन के खून से सने शव को भी दिखाया।
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना से घबराए शिवराम सोलंकी ने तुरंत धारावी पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर झगड़ा करते थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बंद दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। गंभीर रूप से घायल सूरजबेन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी अमृत सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version