मुंबई: राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ( Chandrashekhar Bawankule) के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार ने राज्यभर में 88 नए राजस्व कार्यालय खोलने का अहम फैसला किया है. इस निर्णय से आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं उनके घर के करीब मिल सकेंगी और लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी.
किन कार्यालयों का होगा गठन
प्रस्तावित 88 नए कार्यालयों में 10 अपर जिलाधिकारी कार्यालय, 7 उपविभागीय कार्यालय, 2 तहसीलदार कार्यालय और 69 अपर तहसीलदार कार्यालय शामिल हैं. नए अपर जिलाधिकारी कार्यालय कल्याण, दापोली, बारामती, फलटण, पंढरपुर, किनवट, अचलपुर, पुसद, खामगांव और नागपुर (ग्रामीण) में खोले जाएंगे. उपविभागीय कार्यालय मुंबई के फोर्ट, बोरीवली, शहापुर, देवगड, साक्री, जामनेर और सिन्नर में स्थापित होंगे.
15 दिन में दर्ज होंगी आपत्तियां
राज्य सरकार ने इन कार्यालयों पर नागरिकों की आपत्तियां और सुझाव मांगने के लिए 15 दिन की सार्वजनिक सूचना जारी की है. जिलाधिकारी स्तर पर अपर जिलाधिकारी और उपविभागीय कार्यालयों से संबंधित आपत्तियां देखी जाएंगी, जबकि अपर तहसीलदार कार्यालयों का कार्य उपविभागीय अधिकारी संभालेंगे.
12 जुलाई तक सौंपी जाएगी रिपोर्ट
सभी आपत्तियों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी. जिलाधिकारी अपनी रिपोर्ट विभागीय आयुक्त को भेजेंगे और सभी विभागीय आयुक्त 12 जुलाई 2026 तक अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपेंगे. बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में राजस्व सेवाएं अधिक तेज, पारदर्शी और जनता के करीब पहुंचाई जाएंगी.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version