ठाणे: कल्याण के वालधुनी इलाके में दहेज प्रताड़ना का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ससुराल वालों पर विवाहिता के साथ अमानवीय व्यवहार करने और उसका सिर मुंडवाने का आरोप लगा है। पीड़िता ससुराल से भागकर मायके पहुंची, जिसके बाद उसे उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
शादी के कुछ महीने बाद शुरू हुआ दहेज के लिए अत्याचार
पीड़ित महिला का नाम अफसाना अंसारी है, जो मूल रूप से उल्हासनगर की रहने वाली है। नवंबर 2025 में उसकी शादी कल्याण के वालधुनी निवासी समीर अंसारी से हुई थी। अफसाना के परिवार ने शादी के समय अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने और दहेज देने में असमर्थता की जानकारी ससुराल पक्ष को दी थी। इसके बावजूद शादी के करीब एक महीने बाद ही कथित रूप से दहेज को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू हो गया।
गर्भावस्था में भी नहीं दिखाई दया
अफसाना का आरोप है कि गर्भवती होने के दौरान भी उसके साथ क्रूरता की गई। उसे भोजन नहीं दिया जाता था, घर का खाना फ्रिज में रखकर उससे दूर रखा जाता था, मारपीट की जाती थी और गर्म पानी से उसके हाथ जलाए गए। साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी उसे पैसे नहीं दिए जाते थे। मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह लंबे समय तक यह सब सहन करती रही।
सिर में जूं होने का बहाना बनाकर मुंडवाया सिर
अफसाना के अनुसार, 7 जून को ससुराल वालों ने उसके सिर में जूं होने की बात कहते हुए उसका सिर मुंडवा दिया। इस घटना के बाद प्रताड़ना असहनीय हो गई और वह किसी तरह घर से निकलकर अपनी बहन के पास पहुंची। वहां से उसने अपने भाई नीर हसन अंसारी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
कड़ी कार्रवाई की उठी मांग
अफसाना के भाई ने उसे उपचार के लिए उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के सामने आने के बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों और पीड़िता के परिजनों ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

