मुंबई : महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के संकेत दिए हैं। इस बारे में गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने शनिवार को विधान परिषद में कहा कि केंद्र सरकार के नए दिशानिर्देशों के अनुसार राज्यभर में अभियान चल रहा है और आगे इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।
भाजपा नेता प्रवीण दरेकर ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए उठाया। चर्चा में संजय केणेकर, चित्रा वाघ, अनिल परब, डॉ. मनीषा कायंदे, निरंजन डावखरे और उमा खापरे सहित कई सदस्यों ने सवाल किए।
हर थाने में विशेष टीम
गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने बताया कि अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य के प्रत्येक पुलिस थाने में पांच सदस्यीय विशेष टीम बनाई गई है। एटीएस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
नए केंद्रीय परिपत्र के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति के अवैध होने के पुख्ता सबूत मिलते हैं तो लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बिना सीधे हद्दपारी की जा सकती है।
निर्माण स्थलों पर सख्त SOP
निर्माण स्थलों पर अवैध मजदूरों की पहचान के लिए विशेष एसओपी तैयार की गई है। सभी सरकारी और निजी परियोजनाओं के ठेकेदारों को अपने मजदूरों की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने में देना अनिवार्य किया गया है। लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जा रही है।
राज्य का पहला स्थायी डिटेंशन सेंटर
अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए महाराष्ट्र में पहला स्थायी डिटेंशन सेंटर बनाया जा रहा है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
मुंबई में व्यापक तलाशी अभियान
मुंबई में फेरीवालों, निर्माण स्थलों, समुद्र किनारे की झोपड़पट्टियों सहित कई इलाकों में पुलिस, अपराध शाखा और एटीएस द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध बांग्लादेशी नागरिक पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
विशेष कृती दल और कॉम्बिंग ऑपरेशन
विधान परिषद में हंगामे के बीच गृह राज्यमंत्री कदम ने घोषणा की कि जल्द ही ‘विशेष कृती दल’ (स्पेशल टास्क फोर्स) गठित किया जाएगा। इसके तहत राज्यभर में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर घुसपैठियों की पहचान की जाएगी।
2025 में 2300 से अधिक घुसपैठिए हद्दपार
योगेश कदम ने बताया कि वर्ष 2025 से अब तक 2300 से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को राज्य से हद्दपार किया गया है। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में अभियान जारी है और सरकार किसी भी कीमत पर सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी।
जनता से सहयोग की अपील
गृह राज्यमंत्री ने नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि यदि उन्हें अवैध बांग्लादेशी नागरिकों से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
