मुंबई : परेल में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ( Online Driver Service) से बुलाए गए चालक द्वारा ही कार चोरी करने का मामला सामने आया है। भोईवाड़ा पुलिस ( Bhoiwada police station) ने तकनीकी जांच और दो दिन की तलाश के बाद आरोपी को उल्हासनगर से गिरफ्तार कर चोरी की गई मारुति वैगनआर कार बरामद कर ली है।
डॉक्टर की कार घर के बाहर से हुई थी चोरी
शिकायतकर्ता डॉ. प्रतीक राजन मुणगेकर (31) ने बताया कि उन्होंने 10 जून 2026 की रात अपनी मारुति वैगनआर कार (एमएच-01-ईवी-2677) परेल स्थित इंडिया यूनाइटेड मिल्स चाल (सीमेंट चाल) के सामने डॉ. बी. ए. रोड पर सड़क किनारे पार्क की थी। अगले दिन सुबह उनकी कार वहां से गायब मिली। अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिना अनुमति धोखाधड़ी से वाहन चोरी किए जाने की शिकायत पर भोईवाड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुराने चालकों के मोबाइल डेटा से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने डॉ. मुणगेकर से विस्तृत पूछताछ की। पता चला कि उन्हें स्वयं कार चलाना नहीं आता था और वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से चालक की सेवाएं लेते थे। पुलिस ने पिछले एक वर्ष में उनकी सेवा में रहे चालकों के मोबाइल नंबर जुटाकर तकनीकी विश्लेषण किया। इस जांच में एक चालक का मोबाइल लोकेशन घटना के समय घटनास्थल के आसपास पाया गया, जिसके आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला।
उल्हासनगर से आरोपी को दबोचा, कार बरामद
तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के उल्हासनगर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दो दिनों तक जाल बिछाकर तलाश अभियान चलाया और आरोपी फैजान अबसार अहमद शेख (35), मूल निवासी उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मारुति वैगनआर कार भी बरामद कर ली गई।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोजकुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त विक्रम देशमाने, पुलिस उपायुक्त अनुराग जैन, सहायक पुलिस आयुक्त घनश्याम पलंगे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय ठाकुर और पुलिस निरीक्षक (अपराध) नितीन महाडिक के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्रवाई को अपराध प्रकटीकरण अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक सचिन बोरसे, पुलिस हवलदार महादेव माली, नितीन धंगेकर, पुलिस शिपाई जयदीप पाटील, हेमंत सुले, पंकज रोकड़े तथा तकनीकी सहायता देने वाले पुलिस हवलदार गोविंद ठोके की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

