मुंबई. मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के एंटी एक्सटॉर्शन सेल (हफ्ता निरोधक दस्ते) माफिया डॉन छोटा राजन के कुख्यात साथी दिलीप मल्लेश वोरा उर्फ डीके राव को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने राव के साथ उसके साथी अनिल सिंह और मिमित घुटा को भी गिरफ्तार किया है. एक बिल्डर की शिकायत पर तीनों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर जबरन वसूली के प्रयास के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बिल्डर ने अपने एक अन्य साथी बिल्डर से डेढ़ करोड़ रुपए का फ्रेंडली लोन लिया था. लेकिन किन्हीं कारणों से वह पैसा लौटा नहीं पाया. कर्जा देनेवाले बिल्डर ने अपने पैसे की वसूली के लिए डी के राव से संपर्क किया. डीके की धमकी के बाद शिकायतकर्ता डर गया. उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी.
पहले से ही जेल में बंद था डीके
बिल्डर की शिकायत के बाद पुलिस हैरान रह गई. इसी साल जनवरी महीने में डीके ने पश्चिमी उपनगर के होटल कारोबारी से ढाई करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी. होटल कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. उसी मामले में डीके पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कोर्ट में पेशी पर लाए जाने के दौरान उसने अपने एक अन्य साथी के मोबाइल से शिकायतकर्ता बिल्डर को फोन पर धमकाया था.
मौत को मात से चुका है डीके
डी. के. राव का नाम छोटा राजन के सबसे विश्वसनीय साथियों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले हैं, जिनमें हमला, फिरौती के लिए अपहरण और हत्या का प्रयास शामिल हैं. डीके राव दो बार मौत को भी मात दे चुका है. पुलिस एनकाउंटर में 7 गोली लगने के बाद भी वह जिंदा बच गया. 90 के दशक में डीके, पुलिस के साथ तीन बार मुठभेड़ में फंस गया था. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक मुठभेड़ में डीके के तीन साथियों की मौत हो गई थी. खुद डीके भी बुरी तरह घायल था लेकिन बताया जाता है कि उसने काफी देर तक अपनी सांसों को रोक कर पुलिस को यह विश्वास दिला दिया कि वह भी मर चुका है. उसने अपने जिंदा होने का राज पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद डॉक्टरों की जांच के दौरान किया था. 2013 में डीके राव का नाम चर्चित अजय गोसालिया फायरिंग केस में भी आया था. इसके बाद एक हत्या मामले में गिरफ्तार होकर जेल भी गया था, लेकिन जुलाई 2016 में रिहा हो गया था. जेल से बाहर आने के बाद डीके ने गैंग के साथ फिर से हफ्ता मांगना शुरू कर दिया.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version