मुंबई : राज्य में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अन्य निषिद्ध खाद्य पदार्थों के कारोबार के खिलाफ खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले दो दिनों में राज्यभर में 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, 26 प्रतिष्ठानों को सील किया गया है और 12.16 लाख रुपए से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
राज्यभर में चला विशेष अभियान
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर 30 और 31 मई 2026 को बृहन्मुंबई, कोंकण, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और अमरावती सहित विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला तथा अन्य निषिद्ध पदार्थों की बिक्री और भंडारण करने वाले प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान कोंकण क्षेत्र में सर्वाधिक 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि छत्रपति संभाजीनगर में 7 और अमरावती में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया। मुंबई, पुणे और नासिक में भी कई मामलों का खुलासा हुआ।
24 एफआईआर दर्ज
अभियान के दौरान कुल 24 एफआईआर दर्ज की गईं और 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। संबंधित मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई केवल बिक्री तक सीमित नहीं रही, बल्कि भंडारण और वितरण नेटवर्क पर भी निगरानी रखी गई, जिससे अवैध कारोबार को रोकने में मदद मिली।
12.16 लाख रुपए का प्रतिबंधित माल जब्त
दो दिवसीय अभियान के दौरान कुल 12 लाख 16 हजार 965 रुपए मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया। इसके अलावा तीन वाहनों को भी जब्त किया गया, जिनकी कुल कीमत 2.60 लाख रुपए बताई गई है। प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई से अवैध कारोबार को बड़ा झटका लगा है।
शिकायतों के लिए नया ऐप और टोल-फ्री सेवा
खाद्य एवं औषध प्रशासन ने नागरिकों से प्रतिबंधित या मिलावटी खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए विभाग जल्द ही एक नया मोबाइल ऐप और टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी नागरिक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता या प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री को लेकर संदेह हो तो वह प्रशासन से संपर्क कर सकता है। शिकायत दर्ज कराते समय अपना नाम, संपर्क विवरण, संबंधित प्रतिष्ठान का पता तथा उपलब्ध साक्ष्य साझा करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : मुंडे
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंधित पदार्थों का उत्पादन, भंडारण या बिक्री करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई का संक्षिप्त चार्ट
विवरण संख्या
जांच किए गए प्रतिष्ठान 40
प्रतिबंधित पदार्थ पाए गए प्रतिष्ठान 32
दर्ज एफआईआर 24
गिरफ्तार आरोपी 32
सील किए गए प्रतिष्ठान 26
जब्त वाहन 3
जब्त प्रतिबंधित माल का मूल्य 12,16,965 रुपए
जब्त वाहनों का मूल्य 2,60,000 रुपए
क्षेत्रवार गिरफ्तारियां
क्षेत्र गिरफ्तार आरोपी
कोंकण 16
छत्रपति संभाजीनगर 7
अमरावती 3
बृहन्मुंबई 2
पुणे 2
नासिक 2
नागपुर 0
कुल 32

