मुंबई : विवादित अभिनेता और स्वयंभू फिल्म समीक्षक कमाल आर. खान (केआरके) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अंधेरी के ओशिवरा इलाके में हुई फायरिंग की घटना के मामले में मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। बांद्रा स्थित हॉलिडे कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने केआरके को 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
ओशिवरा में फायरिंग से मचा हड़कंप
18 जनवरी को अंधेरी के ओशिवरा स्थित रिहायशी इलाके में अचानक चार राउंड फायरिंग हुई। इस घटना में पास की इमारतों को गोलियां लगने की बात सामने आई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि, इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
KRK की अजीब दलील, पुलिस भी हैरान
गिरफ्तारी के बाद KRK ने पुलिस को जो सफाई दी, उसने सभी को चौंका दिया। उनका दावा है कि वह अपनी लाइसेंसी पिस्तौल साफ कर रहे थे और उसी दौरान फायर हो गया। केआरके के अनुसार, उन्होंने जंगल की दिशा में गोली चलाई थी ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे, लेकिन “हवा की वजह से गोली आगे जाकर इमारत से टकरा गई।”
20 साल पुरानी लाइसेंसी पिस्तौल जब्त
पुलिस जांच में सामने आया है कि केआरके के पास उत्तर प्रदेश से जारी 20 साल पुरानी लाइसेंसी पिस्तौल थी। बीएमसी चुनाव के दौरान यह हथियार जमा कराया गया था, जिसे बाद में उन्हें लौटा दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है और पिस्तौल को जब्त कर लिया है।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
ओशिवरा पुलिस के मुताबिक, फायरिंग केआरके की पिस्तौल से ही हुई, यह उन्होंने स्वीकार किया है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि फायरिंग के समय सुरक्षा नियमों और लाइसेंस की शर्तों का पालन हुआ था या नहीं। इसके साथ ही बैलेस्टिक रिपोर्ट, घटनास्थल का निरीक्षण और गवाहों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।
बचाव पक्ष के तर्क
केआरके के वकीलों ने अदालत में दलील दी कि जिन दो इमारतों पर गोली लगने का आरोप है, उनके बीच करीब 400 मीटर की दूरी है, जबकि संबंधित पिस्तौल की रेंज केवल 20 मीटर है। ऐसे में यह आरोप तकनीकी रूप से असंभव बताया गया। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि केआरके एक जाने-माने कारोबारी हैं और पिछले 30–35 वर्षों से मुंबई में रह रहे हैं, इसलिए उनके फरार होने का कोई खतरा नहीं है।
कोर्ट का फैसला और आगे की कार्रवाई
सभी दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केआरके को 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे के असली कारण और पूरी सच्चाई का पता लगाने में जुटी हुई है।
विवादों से रहा है पुराना नाता
गौरतलब है कि के अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। फिल्मों से ज्यादा उनके बयानों को लेकर सुर्खियां बनती रही हैं। अब ओशिवरा फायरिंग मामला उनके लिए एक और बड़ी कानूनी मुश्किल बनता नजर आ रहा है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
