हो सकती है 3000 मौतें
WELT की रिपोर्ट में आपात तैयारियों का खुलासा

तेहरान : ईरान के दिवंगत पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार को लेकर जर्मनी के समाचार पत्र WELT ने कई बड़े दावे किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, संभावित भारी भीड़ और भीषण गर्मी को देखते हुए ईरानी अधिकारियों ने व्यापक आपात तैयारियां की हैं। इसी वजह से अंतिम संस्कार के दौरान 1,500 से 3,000 लोगों की मौत की आशंका जताए जाने का दावा किया गया है।
नई कब्रें और विशेष टीमें
रिपोर्ट के मुताबिक, एक कथित गोपनीय दस्तावेज में भीड़ के कारण भगदड़ या अन्य हादसों की आशंका जताई गई है। दावा किया गया है कि तेहरान के बेहेश्त-ए-जहरा कब्रिस्तान में हजारों नई कब्रें तैयार की गई हैं। साथ ही लापता और मृतकों के प्रबंधन के लिए विशेष टीम भी बनाई गई है।
सुरक्षा और परिवहन के विशेष इंतजाम
WELT के अनुसार, अंतिम संस्कार के लिए तेहरान में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हजारों बसें चलाई जा रही हैं। मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन को 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने के लिए स्कूलों और मस्जिदों का भी उपयोग किया जा रहा है।
9 जुलाई तक चलेगी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
रिपोर्ट के अनुसार, अंतिम संस्कार की रस्में तेहरान के बाद कोम, फिर इराक के नजफ और कर्बला होते हुए 9 जुलाई को मशहद में दफन के साथ पूरी होंगी। इस पूरे आयोजन पर करोड़ों यूरो खर्च होने का भी दावा किया गया है, जिसे लेकर आर्थिक संकट से जूझ रहे ईरान में कुछ लोगों के बीच नाराजगी बताई गई है।
दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं
महत्वपूर्ण बात यह है कि WELT की रिपोर्ट में किए गए इन सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ईरानी सरकार ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी जारी नहीं की है। इसलिए फिलहाल इन्हें केवल जर्मन मीडिया की रिपोर्ट के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version