कैमरामैन गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार
मुंबई: शॉर्ट फिल्म में मुख्य अभिनेत्री का रोल दिलाने का झांसा देकर एक 36 वर्षीय महिला को गोवा ले जाने और वहां कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी शॉर्ट फिल्म का कैमरामैन रमेशचंद्र दिवाकर गुप्ता (45) है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
रोल दिलाने के बहाने गोवा ले गए
पुलिस के अनुसार, कांदिवली निवासी पीड़िता सोशल मीडिया पर रील स्टार के रूप में सक्रिय है और बॉलीवुड में करियर बनाना चाहती थी। उसकी पहचान वर्ष 2025 में खुद को निर्माता-निर्देशक बताने वाले सोनू गुप्ता और सोनिया गुप्ता से हुई थी। दोनों ने उसे शॉर्ट फिल्म में मुख्य भूमिका देने का वादा किया और अगस्त 2025 में पूरी यूनिट के साथ गोवा ले गए।
नशीला पदार्थ देने का आरोप
आरोप है कि 23 से 28 अगस्त 2025 के बीच महिला को पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया। बेहोश होने के बाद तीन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया।
वीडियो सोशल मीडिया पर किया अपलोड
पुलिस के अनुसार, बाद में आरोपियों ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो एक निजी सोशल मीडिया ऐप पर अपलोड कर दिया। जनवरी 2026 में यह वीडियो महिला के रिश्तेदार की नजर में आया। इसके बाद महिला को घटना की जानकारी मिली और उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा। फिर उसने अपने भाई के साथ समतानगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने पहले सोनू गुप्ता, सोनिया गुप्ता, समशेर युसूफअली और सलमान उर्फ मेहबूब परवेज को गिरफ्तार किया था। बाद में कैमरामैन रमेशचंद्र गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का आरोप है कि उसने आपत्तिजनक वीडियो की शूटिंग की थी और इसके लिए उसे भुगतान भी किया गया था।
तीन अभिनेता अब भी फरार
पुलिस ने बताया कि मामले में तीन अन्य आरोपी, जो शॉर्ट फिल्म में अभिनेता के रूप में काम कर रहे थे, अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रमेशचंद्र गुप्ता को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच समतानगर पुलिस की ओर से जारी है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

