मार्च और अप्रैल की किस्त एक साथ जमा
मुंबई. महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण’ (लाडली बहन) योजना की लाभार्थी महिलाओं को बड़ी खुशखबरी मिली है। गुरुवार को ‘लाडली’ के खातों में मार्च महीने की 1500 रुपये की किस्त जमा करने के बाद शुक्रवार को कई महिलाओं के खातों में अप्रैल महीने के भी 1500 रुपए जमा होने के संदेश मिले। इस तरह लगातार दो दिनों में महिलाओं के खातों में कुल 3000 रुपए सरकार की ओर से ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अब मई महीने की तीसरी किस्त का इंतजार
मार्च और अप्रैल की लंबित किस्त मिलने के बाद अब लाभार्थी महिलाओं की नजर मई महीने की अगली किस्त पर टिक गई है। महिलाएं अब यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि मई महीने की 1500 रुपए की राशि कब तक उनके खातों में जमा होगी। लगातार दो किस्त मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को काफी राहत मिली है।
जून 2024 में शुरू हुई थी योजना
राज्य सरकार ने जून 2024 में मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता देने का फैसला किया गया था। योजना को शुरुआत में राज्यभर से जबरदस्त प्रतिसाद मिला और करीब 2 करोड़ 47 लाख महिलाओं ने इसके लिए पंजीकरण कराया था।
जांच के बाद घटी लाभार्थियों की संख्या
आवेदनों की जांच, दस्तावेजों की पड़ताल और पात्रता मानकों की समीक्षा के बाद लाभार्थियों की संख्या में बड़ी कमी आई। सरकार ने ई-केवाईसी, आय सीमा, सरकारी नौकरी और अन्य शर्तों के आधार पर बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। जांच में कई ऐसे मामले सामने आए जिनमें गलत जानकारी देकर लाभ लिया गया था।
फर्जी लाभार्थियों पर सरकार की सख्ती
सरकारी जांच में कुछ सरकारी कर्मचारियों द्वारा नियमों के विरुद्ध योजना का लाभ लेने के मामले भी सामने आए। कई परिवारों की आय तय सीमा से अधिक पाई गई। कुछ जगहों पर पुरुषों द्वारा महिलाओं के नाम पर आवेदन कर योजना का लाभ लेने के चौंकाने वाले मामले भी उजागर हुए। इसके बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर लाभार्थियों की दोबारा जांच शुरू की।
68 लाख महिलाएं घोषित हुई थीं अपात्र
मार्च महीने के अंत तक करीब 68 लाख महिलाओं को अपात्र घोषित किया गया था। हालांकि सरकार द्वारा ई-केवाईसी पूरी करने के लिए समय बढ़ाए जाने के बाद अप्रैल में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने दस्तावेज अपडेट किए। लगभग 14 लाख महिलाओं ने प्रक्रिया पूरी कर अपनी पात्रता साबित की। इसके बाद अपात्र लाभार्थियों की संख्या घटकर करीब 54 लाख रह गई है।
फिलहाल 1.89 करोड़ महिलाएं ले रही हैं लाभ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार फिलहाल राज्य में करीब 1 करोड़ 89 लाख पात्र महिलाएं मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना का लाभ उठा रही हैं। सरकार की ओर से लाभार्थियों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया अभी भी जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version