मुंबई: चर्चगेट के वीर नरिमन रोड स्थित बस डिपो के पास ‘टाटा गार्डन’ में 4 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे राहुल पंजवानी उर्फ ‘पंजाबी’ (लगभग 55 वर्ष) खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके सिर पर भारी पत्थर से कई बार वार किया गया था।
सूचना मिलते ही आजाद मैदान पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कई टीमों का गठन किया गया। फॉरेंसिक जांच, घटनास्थल से सबूत जुटाने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिला।
आरोपी ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने फोर्ट स्थित पी. डी’मेलो रोड निवासी आनंद पांडुरंग जाधव (52 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
4 दिन की पुलिस हिरासत
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी और मृतक के बीच संबंधों और वारदात के कारणों की गहन जांच कर रही है।
पुलिस की मुस्तैदी से खुला मामला
आजाद मैदान पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते यह सनसनीखेज हत्या महज 24 घंटे में सुलझ गई, जो पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version