अधिकांश जिलों में बेहद कम हुई बारिश
जलाशयों में पानी कम
23 जून से मुंबई-कोंकण में भारी बारिश की संभावना
राज्य में मानसून की धीमी प्रगति और कम वर्षा ने चिंता बढ़ा दी है. आपत्ती व्यवस्थापन, मदत व पुनर्वसन विभाग की 21 जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार 1 से 21 जून के दौरान महाराष्ट्र में सामान्य 5078.2 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 818.9 मिमी बारिश हुई है, जो औसत का मात्र 20 प्रतिशत है. अधिकांश जिलों में वर्षा की भारी कमी दर्ज की गई है. (Monsoon Maharashtra: State records only 20 per cent of normal rainfall)
अधिकांश जिलों में हुई औसत से बेहद कम बारिश
रिपोर्ट के अनुसार रायगढ़ में 97 प्रतिशत, मुंबई शहर में 98 प्रतिशत, मुंबई उपनगर में 96 प्रतिशत, ठाणे और नंदुरबार में 100 प्रतिशत तथा पालघर में 94 प्रतिशत वर्षा घाटा दर्ज किया गया है. केवल धाराशिव, सांगली और लातूर में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, हालांकि वहां भी सामान्य से कम वर्षा हुई है.
जलाशयों में पानी की स्थिति चिंताजनक
19 जून 2026 तक राज्य के 3028 जलाशयों में कुल उपयोगी जलसंचय 339.70 टीएमसी यानी 24 प्रतिशत रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 33 प्रतिशत था. विभागवार सबसे अधिक जलसंचय अमरावती विभाग में 37 प्रतिशत और नागपुर विभाग में 35 प्रतिशत दर्ज किया गया. पुणे और छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 26 प्रतिशत, कोकण में 29 प्रतिशत तथा नाशिक विभाग में सबसे कम 24 प्रतिशत जलसंचय है. बड़े बांधों में जायकवाड़ी में 27 प्रतिशत, पेंच समूह में 53 प्रतिशत, गोसीखुर्द में 35 प्रतिशत तथा इसापुर में 43 प्रतिशत जलसंचय है. वहीं उजनी बांध पूरी तरह खाली होकर शून्य प्रतिशत पर पहुंच गया है.
दुर्घटनाओं में एक की मौत
16 से 21 जून के बीच नागपुर जिले में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई तथा चार लोग घायल हुए. बिजली गिरने की घटनाओं में छह पशुओं की भी मौत हुई. जनवरी से जून 2026 तक राज्य में विभिन्न प्राकृतिक घटनाओं में 59 लोगों और 313 पशुओं की मौत दर्ज की गई है.
23 जून से भारी बारिश के संकेत
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, कोल्हापुर और सांगली में मानसून पहुंच चुका है. 23 से 28 जून के बीच मुंबई और तटीय क्षेत्रों में भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना है. रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में कई स्थानों पर जोरदार बारिश का अनुमान जताया गया है. साथ ही अकोला, अमरावती और यवतमाल में उष्ण लहर तथा नागपुर, चंद्रपुर, गोंदिया और वर्धा में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

