मुंबई. खुद को दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल अमेरिकी उद्योगपति एलॉन मस्क बतानेवाले ठग ने शादी करने का झांसा देकर मुंबई की एक महिला को 16.34 लाख रुपए का चूना लगा दिया। सोशल मीडिया पर एलॉन मस्क बनकर संपर्क
मिली जानकारी के अनुसार, चेंबूर इलाके में रहने वाली 40 वर्षीय महिला से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एलॉन मस्क के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट से संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को एलॉन मस्क बताकर महिला से दोस्ती की और शादी का प्रस्ताव रखा।
अमेरिका में शानदार जिंदगी का लालच
आरोपी ने महिला को अमेरिका में आरामदायक और लग्जरी जीवन देने का सपना दिखाया। दोनों के बीच लगातार चैटिंग होने लगी और धीरे-धीरे ऑनलाइन प्रेम संबंध बन गया। महिला को लगा कि उसकी किस्मत बदल गई है।
मैसेजिंग ऐप पर हुई बातचीत
फर्जी एलॉन मस्क ने महिला को एक मैसेजिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। इसी ऐप के जरिए कई दिनों तक बातचीत होती रही। बाद में आरोपी ने महिला से अमेरिका आने के लिए तैयारी करने को कहा।
जेम्स’ के जरिए शुरू हुई ठगी
ठगी की योजना के तहत आरोपी ने महिला को ‘जेम्स’ नाम के एक व्यक्ति से संपर्क करने को कहा, जो कथित तौर पर वीजा की व्यवस्था करने वाला था। बीमा कंपनी में काम करने वाली महिला ने जेम्स से संपर्क किया।
अमेज़न गिफ्ट कार्ड से वसूले पैसे
जेम्स ने वीजा प्रक्रिया के नाम पर महिला से अमेज़न गिफ्ट कार्ड खरीदने को कहा और उनके कोड भेजने के लिए कहा। दावा किया गया कि इससे वीजा जल्दी मिल जाएगा।
अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच महिला ने गिफ्ट कार्ड के जरिए करीब 16.34 लाख रुपये खर्च कर दिए।
टिकट के नाम पर मांगे गए और पैसे
15 जनवरी को जेम्स ने अमेरिका के टिकट के लिए दो लाख रुपये और मांगे। इस बार महिला को संदेह हुआ और उसने और पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद जेम्स ने कहा कि वह अमेरिका नहीं आ सकती और फर्जी एलॉन मस्क ने भी चैटिंग बंद कर दी।
सच्चाई सामने आते ही पुलिस में शिकायत
महिला ने जब यह बात अपने परिजनों को बताई तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद महिला ने साइबर पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क किया।
केस दर्ज, जांच जारी
महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस साइबर ठगी की जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version