नवी मुंबई : पुरानी रंजिश की वजह से अपने दोस्त को झूठे मामले में फंसाने के लिए बम धमाके की फर्जी सूचना देना एक शख्स को भारी पड़ गया। पुलिस जांच में साजिश का खुलासा होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात पहुंचा दिया गया।
फर्जी कॉल से मचा हड़कंप
घटना 29 मार्च की रात की है, जब इंद्रजीत मिश्रा ने नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दावा किया कि मुंबई बम धमाकों से जुड़ा एक व्यक्ति पनवेल में रह रहा है और वह नए हमले की योजना बना रहा है। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
जांच में खुला झूठ का राज
आरोपी ने अपने दोस्त मोहम्मद इमरान का मोबाइल नंबर देते हुए उसे ही संदिग्ध बताया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बिना देर किए दिए गए नंबर और कॉल की जांच शुरू की। तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान सामने आया कि पूरी सूचना फर्जी थी। पुलिस ने पाया कि मिश्रा ने शराब के नशे में यह कॉल की थी और उसका मकसद पुरानी दुश्मनी निकालना था।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
सीबीडी पुलिस ने इंद्रजीत मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 353(1)(b) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कंट्रोल रूम को झूठी सूचना देना गंभीर अपराध है। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव पड़ता है और दहशत फैलती है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version