राष्ट्रीय महिला आयोग, ITU और UNITAR के संयुक्त तत्वावधान में विशेष सत्र का आयोजन
नई दिल्ली: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में महिलाओं के नेतृत्व में समृद्धि के लिए एक व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू), अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (आईटीयू) और संयुक्त राष्ट्र प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (यूएनआईटीएआर) के संयुक्त तत्वावधान में यह विशेष सत्र 16 फरवरी 2026 को दोपहर 3:30 बजे भारत मंडपम के कक्ष संख्या 9 में आयोजित किया जाएगा।
एआई के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर फोकस
इस सत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र में अवसर, कौशल विकास, डिजिटल उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। विशेष रूप से ग्रामीण और वंचित वर्ग की महिलाओं को डिजिटल तकनीक के माध्यम से सक्षम बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
प्रतिष्ठित वक्ताओं की उपस्थिति
समिट में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर, यूनितार (यूएनआईटीएआर) की निदेशक (समृद्धि विभाग) मिहोको कुमामोटो, ईटू (आईटीयू) की क्षेत्रीय निदेशक (एशिया-प्रशांत) अत्सुको ओकुदा, सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय के प्रधान सचिव एवं महानिदेशक ब्रिजेश सिंह, संगीतकार-निर्माता कार्तिक शाह सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ और महिला उद्यमी भाग लेंगे।
चर्चा के प्रमुख विषय
सत्र का उद्घाटन एआई पर विशेष वीडियो प्रस्तुति से होगा। विजया राहतकर “आर्थिक शक्ति: साझा समृद्धि के लिए राष्ट्रीय अनिवार्यता” विषय पर मार्गदर्शन करेंगी। मिहोको कुमामोटो “समावेशी और समृद्ध भविष्य के लिए स्थानीय क्षमता विकास” पर बात करेंगी, जबकि अत्सुको ओकुदा “लैंगिक डिजिटल खाई को कम करने के लिए महिला सशक्तिकरण” पर बोलेंगी।
पैनल चर्चा में महानगरों से बाहर की महिलाओं के सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा चुनौतियां और रचनात्मक क्षेत्र में एआई के अवसरों और चुनौतियों पर गहन विमर्श होगा। परिसंवाद के बाद प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version