मुंबई. अहमदाबाद में शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला गया पांचवा टी – 20 इंटरनेशनल मुकाबला टीम इंडिया ने जीत लिया। साउथ अफ्रीका को इस मुकाबले में 30 रनों से धूल चटाकर 5 मैचों की सीरीज 3-1 से धमाकेदार जीत दर्ज की है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसके टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने गलत साबित कर दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने 231 रन बनाए। इस विशाल लक्ष्य का पीछा करने में मेहमान टीम के हौसले पस्त हो गए। जवाब में मेहमान टीम 8 विकेट गंवाने के बाद 20 ओवरों में महज 201 रन ही बना पाई।
हार्दिक-तिलक की धाकड़ बल्लेबाजी
मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने पहले बल्ले से कहर बरपाया, उसके बाद गेंद से भी कोहराम मचा दिया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मैच देखने को मिला। भारतीय टीम की ओर से हार्दिक पांड्या ने 25 गेंदों पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 63 रनों की पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने भी 43 गेंदों पर 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 73 रन बनाए। दोनों ने मिलकर 44 गेंदों पर 104 रनों की साझेदारी की। वहीं, संजू सैमसन ने 22 गेंदों पर 37 और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों पर 34 रनों का योगदान दिया।
डी कॉक की मेहनत बेकार
232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने भी ताबड़तोड़ शुरुआत की। क्विंटन डी कॉक ने पहले पावरप्ले में भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी। उन्होंने 35 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्के की मदद से 65 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही अफ्रीका तास के पत्तों की तरह बिखर गई। कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हुआ। डेवाल्ड ब्रेविस ने 17 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। उनके अलावा डेविड मिलर 18, रीजा हेंड्रिक्स 13, एडम मारक्रम 6 और मार्को जेनसन ने रनों का योगदान दिया।
वरुण चक्रवर्ती ने फिर बिखेरा जलवा
वरुण चक्रवर्ती की फिरकी में एक बार फिर साउथ अफ्रीका की टीम बुरी तरह से फंस गई। एक समय ऐसा लग रहा था कि मैच कांटे की टक्कर वाली होगी। लेकिन जैसे ही वरुण ने एंट्री की सब बर्बाद कर दिया। 4 ओवर में उन्होंने 54 रन देकर 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। उनके खाते में कप्तान एडम मारक्रम का भी विकेट गया। वहीं, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने भी 1-1 विकेट झटके।
पांड्या ने ठोकी दूसरी सबसे तेज फिफ्टी
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने शु्क्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे पांचवें और आखिरी टी 20 मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तूफान मचा दिया है।
उन्होंने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड अर्धशतक ठोका है और अपनी ही टीम के साथी अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा है। पांड्या ने आते ही छक्के के साथ शुरुआत की थी। उन्होंने जॉर्ज लिंडे की गेंद पर छक्का मारा और फिर जो धुनाई उन्होंने शुरू की उसे देख साउथ अफ्रीका के गेंदबाज कांपने लगे और नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बैठे फैंस खुशी से झूम उठे।
बना दिया रिकॉर्ड
पांड्या ने इस मैच में महज 16 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टी 20 इंटरनेशनल में भारत के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था जिन्होंने 17 गेंदों पर अर्धशतक बनाया था। भारत के लिए टी 20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने 12 गेंदों पर अर्धशतक ठोका था। ये ओवरऑल भी सबसे तेज अर्धशतक है। ये पांड्या का टी20 इंटरनेशनल में सातवां अर्धशतक है। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर बेहतरीन शतकीय साझेदारी की जिससे टीम इंडिया ने एक मजबूत स्कोर खड़ा किया है।
संजू और अभिषेक ने दी तेज शुरुआत
इन दोनों से पहले भारत की ओपनिंग जोड़ी ने टीम इंडिया के बड़े स्कोर की नींव रख दी थी। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े थे। छठे ओवर की चौथी गेंद पर अभिषेक के विकेट के साथ ये साझेदारी टूटी थी। सूर्यकुमार यादव एक बार फिर फेल हुए लेकिन तिलक को फिर पांड्या का साथ मिला और दोनों ने मिलकर साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। पांड्या आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए।
