मुंबई : महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्र की 17 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होने है। गुरुवार को नाम वापस लेने का आखिरी दिन था। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि तक 6 सीटों पर विरोधी उम्मीदवारों के पीछे हटने से सत्तारूढ़ महायुति के उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत तय हो गई है। इन सीटों पर भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस के 6 उम्मीदवारों ने बिना मुकाबले विजय हासिल की है। अब शेष 11 सीटों के लिए चुनावी मुकाबला होगा, जहां महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी।
नामांकन वापसी के बाद बदला चुनावी समीकरण
गुरुवार को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के साथ कई निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक समीकरण बदल गए। महाविकास आघाड़ी के कुछ उम्मीदवारों ने पर्याप्त संख्याबल और सहयोगी दलों का समर्थन न मिलने का हवाला देते हुए नाम वापस ले लिए। वहीं महायुति नेतृत्व भी अपने बागी उम्मीदवारों को मनाने में सफल रहा, जिससे कई सीटों पर निर्विरोध जीत का रास्ता साफ हो गया।
रायगड-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग में अनिकेत तटकरे निर्विरोध
रायगड-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस के अनिकेत तटकरे निर्विरोध निर्वाचित हो गए। उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना ने बाळ माने को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। शेकाप के अरविंद म्हात्रे ने भी चुनाव से हटने का फैसला किया। बाळ माने के नामांकन वापस लेने के बाद ठाकरे गुट ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पुणे में विक्रम काकडे की आसान जीत
पुणे स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस के विक्रम काकडे निर्विरोध विजयी घोषित हुए। भाजपा के बागी उम्मीदवार प्रदीप कंद और महाविकास आघाड़ी समर्थित उम्मीदवार श्रीकांत पाटील द्वारा नामांकन वापस लेने से उनके सामने कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं बचा।
अहिल्यानगर और ठाणे में भी निर्विरोध जीत
अहिल्यानगर में कांग्रेस समर्थित करण ससाणे और अन्य उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के प्राजक्त तनपुरे निर्विरोध विजयी हुए। वहीं ठाणे में शिंदे गुट की शिवसेना के रवींद्र फाटक को भी बिना मुकाबले जीत मिली, क्योंकि राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के अभिजीत पवार ने नामांकन वापस ले लिया।
यवतमाल में दुष्यंत चतुर्वेदी को मिला निर्विरोध जनादेश
यवतमाल सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार साहेबराव कांबळे और बाद में सय्यद फारूख द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी निर्विरोध विजयी घोषित किए गए।
नाशिक और सांगली-सातारा में मुकाबला कायम
नाशिक में भाजपा के गणेश गीते ने नामांकन वापस ले लिया, लेकिन गोकुळ गीते मैदान में बने रहे। इसके चलते यहां शिवसेना के नरेंद्र दराडे और गोकुल गीते के बीच मुकाबला होगा।
सांगली-सातारा में शिवसेना के तानाजीराव पाटील ने नामांकन वापस ले लिया, जिससे भाजपा के धैर्यशील कदम और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के अभयसिंह जगताप के बीच सीधी टक्कर बनेगी। स्वतंत्र उम्मीदवार किशोर धुमाल भी मैदान में हैं।
नागपुर उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
नागपुर में कांग्रेस और अन्य उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के डॉ. राजीव पोतदार और कांग्रेस के अतुल लोंढे के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है। यह उपचुनाव राज्य की प्रमुख राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल माना जा रहा है।
11 सीटों पर प्रमुख मुकाबले
अब राज्य की 11 सीटों पर चुनाव होगा। इनमें सोलापुर में भाजपा के राजेंद्र राऊत और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के वसंतराव देशमुख के बीच मुकाबला होगा। जळगाव में भाजपा के नंदकिशोर महाजन, ठाकरे गुट के शरद तायडे और शिंदे गुट की बागी उम्मीदवार रेश्मा काळे के बीच त्रिकोणीय संघर्ष होगा। नांदेड में भाजपा के अमर राजूरकर का मुकाबला कांग्रेस के रामदास पाटील से होगा। भंडारा-गोंदिया में भाजपा के अविनाश ब्राह्मणकर और कांग्रेस समर्थित नरेश ईश्वरकर आमने-सामने होंगे। अमरावती में भाजपा, कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाड़ी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहेगा। इसके अलावा धाराशिव-लातूर-बीड, परभणी-हिंगोली, छत्रपति संभाजीनगर-जालना तथा नाशिक सहित अन्य क्षेत्रों में भी रोचक चुनावी संघर्ष देखने को मिलेगा।
निर्विरोध विजयी उम्मीदवार
निर्विरोध निर्वाचित होने वाले उम्मीदवारों में वर्धा-गडचिरोली-चंद्रपूर से भाजपा के अरुण लखाणी, पुणे से राष्ट्रवादी कांग्रेस के विक्रम काकडे, ठाणे से शिवसेना के रवींद्र फाटक, रायगड-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से राष्ट्रवादी कांग्रेस के अनिकेत तटकरे, अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे और यवतमाळ से शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी शामिल हैं।
इन परिणामों ने चुनाव से पहले ही महायुति को बड़ी बढ़त दिलाई है, जबकि शेष 11 सीटों पर होने वाले चुनाव राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version