मुंबई : महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीटों (9 नियमित और 1 उपचुनाव) के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार 12 मई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान और उसी दिन मतगणना होगी। हालांकि, सभी सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या तय रहने के कारण चुनाव निर्विरोध होना लगभग तय हो गया है।
निर्विरोध चुनाव का ये है कारण
इन 10 सीटों के लिए कुल 10 ही वैध उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी आवेदन किया था, लेकिन 10 विधायकों के समर्थन के अभाव में उनके नामांकन खारिज हो जाएंगे। किसी भी दल ने 11वां उम्मीदवार नहीं उतारा, जिससे सभी सीटों पर निर्विरोध जीत का रास्ता साफ हो गया है।
किस पार्टी को कितनी सीटें?
विधानसभा के संख्याबल के आधार पर सीटों का बंटवारा इस प्रकार है:
भाजपा – 6 सीट
शिवसेना (शिंदे गुट) – 2 सीट
राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) – 1 सीट
महाविकास आघाड़ी – 1 सीट
भाजपा के उम्मीदवार
भाजपा ने अपने कोटे की 6 सीटों के लिए इन नामों पर दांव लगाया है:
सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे, प्रमोद जठार और प्रज्ञा सातव।
शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार
शिंदे गुट की ओर से नीलम गोर्हे और बच्चू कडू को उम्मीदवार बनाया गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) का उम्मीदवार
अजीत पवार गुट ने जीशान सिद्दीकी को मैदान में उतारा है।
महाविकास आघाड़ी से शिवसेना यूबीटी का उम्मीदवार
महाविकास आघाड़ी की ओर से शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी ने अंबादास दानवे को उम्मीदवार बनाया गया है।
जीत के लिए जरूरी वोट और समीकरण
विधान परिषद का सदस्य बनने के लिए 28 वोटों का कोटा जरूरी है। महायुति के पास कुल 228 विधायक (भाजपा 131, शिवसेना शिंदे 57, एनसीपी अजीत 40) हैं, जिससे उसके 8 उम्मीदवारों की जीत आसान मानी जा रही है। वहीं, शिवसेना यूबीटी 20, कांग्रेस 16 और राकांपा शरदचंद्र पवार पार्टी के 10 विधायकों को मिलाकर विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (मविआ) के पास 46 विधायकों का संख्याबल हैं, जिससे उसका एक उम्मीदवार आसानी से जीत जाएगा।
इन 9 सदस्यों का कार्यकाल हो रहा समाप्त
उद्धव ठाकरे, नीलम गोर्हे, शशिकांत शिंदे, अमोल मिटकरी, गोपीचंद पडलकर, रणजीतसिंह मोहिते-पाटिल, राजेश राठोड, प्रवीण दटके और रमेश कराड का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
उपचुनाव सीट
प्रज्ञा सातव का नाम उपचुनाव सीट के लिए शामिल है।
चुनाव प्रक्रिया जारी
चुनाव अधिसूचना 23 अप्रैल 2026 को जारी हुई। नामांकन की अंतिम तारीख 30 अप्रैल है, जबकि 2 मई को नामांकन की जांच होगी। 4 मई तक नाम वापसी का मौका रहेगा। 12 मई को मतदान और शाम 5 बजे मतगणना होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 13 मई 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version