मुंबई : देश की राजधानी दिल्ली से सामने आई एक बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है और इन नौ लोगों का दिल्ली, मुंबई सहित देश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों पर आतंकवादी हमला करने की योजना पर काम कर रहे थे। दिल्ली पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से देश पर मंडरा रहा एक बहुत बड़ा खतरा टल गया है। पकड़े गए आरोपी दिल्ली, मुंबई और पंजाब के मूल निवासी हैं। ये सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी के लगातार संपर्क में थे। भारत में अलग-अलग प्रमुख ठिकानों पर आत्मघाती और बम धमाके करने की इनकी पूरी योजना थी। इस बड़ी कामयाबी के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
दादर रेलवे स्टेशन और परमाणु ऊर्जा केंद्र थे निशाने पर
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जब पुलिस ने गहन तलाशी ली, तो उनके पास से कई संदिग्ध और अत्यंत संवेदनशील सामग्रियां बरामद हुईं। इन नौ आरोपियों के पास से दिल्ली और मुंबई के कई महत्वपूर्ण तथा भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों के वीडियो मिले हैं। इन वीडियो में मुंबई का सबसे व्यस्त रहने वाला दादर रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा, परमाणु ऊर्जा केंद्र और बिजली उत्पादन केंद्र शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने दादर इलाके और रेलवे स्टेशन की विस्तृत रेकी भी की थी। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में हैंड ग्रेनेड और अत्याधुनिक हथियार जब्त किए हैं। मुंबई को एक बार फिर दहलाने की यह एक बहुत बड़ी साजिश थी, जिसे वक्त रहते नाकाम कर दिया गया।
अंडरवर्ल्ड का खतरनाक शूटर मुन्ना झिंगाडा फिर हुआ सक्रिय
इस पूरे आतंकवादी नेटवर्क की कड़ाई से पूछताछ करने पर मुंबई अंडरवर्ल्ड का एक समय का सबसे खतरनाक शार्प शूटर और दाऊद इब्राहिम का दाहिना हाथ माना जाने वाला मुन्ना झिंगाडा का नाम सामने आया है। मुन्ना झिंगाडा उर्फ सैयद मुदस्सर हुसैन मूल रूप से मुंबई के जोगेश्वरी का रहने वाला है। 90 के दशक में दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील गिरोह के लिए काम करने वाले मुन्ना पर मर्डर और रंगदारी के 70 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। साल 2000 में बैंकॉक में छोटा राजन पर हुए जानलेवा हमले का वह मुख्य सूत्रधार था। बैंकॉक की जेल में 20 साल काटने के बाद 2019 में रिहा होते ही आईएसआई (ISI) ने उसे सीधे कराची पहुंचा दिया था। अब वह वहीं बैठकर इस नए टेरर मॉड्यूल का संचालन कर रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर, जांच का दायरा बढ़ा
अंडरवर्ल्ड और आतंकवाद का यह घातक गठजोड़ सामने आने के बाद अब दिल्ली और मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। सभी जांच एजेंसियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुन्ना झिंगाडा पाकिस्तान में बैठकर भारत के स्थानीय अपराधियों का इस्तेमाल कर आतंक फैलाने का प्रयास कर रहा है। दिल्ली पुलिस अब इन नौ आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि भारत में उन्हें और कौन-कौन स्थानीय मदद पहुंचा रहा था। आने वाले दिनों में इस जांच से कुछ और बड़े और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version