नवी मुंबई: शादी के नाम पर लोगों को ठगने और महिलाओं का शोषण करने वाले ‘शातिर शिकारियों’ का जाल मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक शर्मनाक मामला नवी मुंबई से सामने आया है, जहाँ एक शख्स ने खुद को तलाकशुदा बताकर एक महिला से न केवल शारीरिक संबंध बनाए, बल्कि उसे लाखों का चूना भी लगा दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 38 वर्षीय रोहन चिंतामण शिंदे के रूप में सामने आई है। रोहन पनवेल का निवासी है। उसने एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए अलीबाग की रहने वाली पीड़िता से संपर्क किया था। उसने महिला को अपने विश्वास में लेने के लिए यह झूठ बोला कि उसकी पहली पत्नी से उसका तलाक हो चुका है और वह अब अकेला है।
शादी का झांसा देकर कई बार किया दुष्कर्म
शादी का वादा कर आरोपी ने पिछले चार महीनों के दौरान पीड़िता का शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने पीड़िता का पनवेल के ओरियन मॉल, गीतांजलि लॉज और अलीबाग में पीड़िता के अपने घर सहित विभिन्न स्थानों पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
डिजिटल डकैती और चेन स्नैचिंग
यह आरोपी केवल शारीरिक शोषण तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उसने पीड़िता को आर्थिक रूप से भी कंगाल बनाने की कोशिश की। उसने पीड़िता की जानकारी के बिना उसके मोबाइल में लोन ऐप डाउनलोड किए और उसके नाम पर कर्ज ले लिया। हद तो तब हो गई जब एक सिनेमा हॉल में फिल्म देखने के दौरान आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। आरोपी पर सार्वजनिक स्थानों पर पीड़िता के साथ अश्लील व्यवहार करने का भी आरोप है।
सच्चाई सामने आते ही उड़े होश
झूठ की बुनियाद पर शुरू हुए इस रिश्ते में पीड़िता को धोखे का अहसास तब हुआ जब उसे पता चला कि रोहन का अपनी पत्नी से तलाक नहीं हुआ है और वह अभी भी शादीशुदा है। ठगी और शोषण का शिकार हुई महिला ने तुरंत खांदेश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी रोहन शिंदे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 71 और 316 के तहत दुष्कर्म, धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच पनवेल सिटी पुलिस द्वारा की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version