फेसबुक पोस्ट से खुला राज
मुंबई: उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच बच्चों की मां अपने ही गांव के चार बच्चों के पिता के साथ फरार हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला ने अपने प्रेमी के साथ शादी की तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट कर दी। इस पोस्ट के बाद दोनों परिवारों को पूरे मामले की जानकारी मिली। उत्तर प्रदेश से सामने आए इस हैरान कर देने वाले मामले में मुंबई कनेक्शन भी सामने आया है। दोनों परिवारों के पुरुष पहले मुंबई में काम कर चुके हैं, जहां से उनकी जान-पहचान और दोनों परिवारों के संपर्क का दायरा बना।
जानकारी के अनुसार, रीना (बदला हुआ नाम) नाम की महिला अपने पति और पांच बच्चों को छोड़कर घर से नगदी और जेवरात लेकर अचानक गायब हो गई। उसके पति रामप्रकाश (बदला हुआ नाम) को पहले लगा कि वह मायके गई होगी। लेकिन तीन दिन बाद ग्रामीणों ने उसे बताया कि उसकी पत्नी की शादी की तस्वीर गांव के ही मोहन (बदला हुआ नाम) नामक युवक के साथ फेसबुक पर वायरल हो रही है। यह देख पति के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पांच बच्चों की जिम्मेदारी अब पिता पर
रामप्रकाश के पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बड़ी बेटी की उम्र करीब 19 साल है, जबकि सबसे छोटी महज 5 साल की है। रामप्रकाश पहले मुंबई में वड़ा पाव की दुकान पर काम करता था, लेकिन इन दिनों गांव में मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण कर रहा है। उसका कहना है कि पत्नी घर से जो गहने और करीब 90 हजार रुपए लेकर गई है, वह वापस कर दे, इसके अलावा अब उसे उससे कोई लेना-देना नहीं है।
प्रेमी के परिवार ने भी उठाई मांग
वहीं, महिला के साथ भागे मोहन के भी चार बच्चे हैं। उसकी पत्नी सीमा (बदला हुआ नाम) ने बताया कि मोहन पहले मुंबई में राखी बनाने का काम करता था, लेकिन काफी समय से वह घर खर्च नहीं भेज रहा था। सीमा एक निजी अस्पताल में सफाई का काम कर अपने बच्चों का पालन कर रही है। सीमा का कहना है कि अब जब उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है, तो उसे संपत्ति में हिस्सा और बच्चों के भरण-पोषण के लिए खर्च दिया जाए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
दोनों पक्षों ने इस मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। रामप्रकाश का कहना है कि उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, सीमा ने भी बताया कि वह पुलिस के पास गई थी, लेकिन उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट ने न केवल एक परिवार बल्कि दो परिवारों की जिंदगी को पूरी तरह बदल कर रख दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version