मुंबई. एक निवेश कंपनी से जुड़े करोड़ों रुपए के धोखाधड़ी मामले में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
अदालत के आदेश पर साकची थाने में दर्ज इस मामले में कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह और जमशेदपुर शाखा के प्रबंधक शिव नारायण पात्रो को भी आरोपी बनाया गया है।
शिकायतकर्ता बर्मामाइंस निवासी जसपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने गाजियाबाद स्थित मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड में 8 लाख रुपए का निवेश किया था। कंपनी ने प्रति माह 15 प्रतिशत ब्याज देने का वादा किया था, लेकिन न तो ब्याज दिया गया और न ही मूलधन वापस किया गया।
मशहूर हस्तियों के नाम का दुरुपयोग
शिकायत के अनुसार, निवेश कराने से पहले जसपाल सिंह को फिल्मी सितारों के विज्ञापन और प्रचार सामग्री दिखाई गई। इन प्रचार अभियानों में नामी अभिनेताओं की मौजूदगी से कंपनी को विश्वसनीय बताया गया। शाखा प्रबंधक ने दावा किया कि कंपनी को फिल्म कलाकारों का समर्थन प्राप्त है, जिसके भरोसे में आकर पीड़ित ने बड़ी रकम निवेश कर दी।
कंपनी के संचालकों की गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि मैक्सीजोन कंपनी ने हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की है। कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह, जो बिहार के वैशाली जिले के निवासी हैं, को पिछले साल पुलिस ने कोडरमा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया था। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version