मुंबई: घाटकोपर (पूर्व) के असल्फा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक 21 वर्षीय युवक ने 25 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने मृतक पर 25 से ज्यादा वार किए और वारदात को नृशंसता पूर्वक अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था। लेकिन साकीनाका पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अंकुश सिंह (21) के रूप में हुई है, जो असल्फा की शिवप्रभात बिल्डिंग का निवासी है। मृतक विशाल कोकणे (25) भी उसी इलाके में रहता था। रविवार तड़के करीब 12:45 बजे दोनों शराब के नशे में थे और उनके बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू थी। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया। बाद में अंकुश ने गुस्से में आकर विशाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
भाई के साथ मिलकर की थी पिटाई
जांच में सामने आया कि अंकुश और विशाल के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही थी। करीब 6 महीने पहले विशाल और उसके बड़े भाई ने अंकुश की पिटाई की थी। अंकुश उसी अपमान का बदला लेने की ताक में था। रविवार रात बहस के दौरान उसने विशाल पर 25 से अधिक वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दोनों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मृतक विशाल कोकणे पर साकीनाका और घाटकोपर पुलिस स्टेशनों में हत्या के प्रयास, अपहरण, लूटपाट और मारपीट के 8 मामले दर्ज थे। वहीं, आरोपी अंकुश सिंह पर भी मारपीट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
मोबाइल ने दिया सुराग
वारदात के बाद आरोपी अंकुश फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन साकीनाका इलाके में मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने अंकुश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version