12 साल से था पांच राज्यों में वांछित
छह माह की निगरानी के बाद मुंबई पुलिस ने दबोचा

मुंबई. एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले और पिछले 12 वर्षों से कई राज्यों में वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को सर जे.जे. मार्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में 18 से 20 धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं. (Mumbai crime : MBBS Admission Fraud)
42 लाख रुपए की ठगी
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विष्णु रत्न गुडेकर ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को राजीव गांधी मेडिकल कॉलेज, कलवा (ठाणे) में एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने 42 लाख रुपये ले लिए. इसके बाद सर जे.जे. मार्ग पुलिस थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
छह महीने तक चला पीछा
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रईस शेख के मार्गदर्शन तथा पीई राहुल पवार के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत नेरकर और उनकी टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. तकनीकी विश्लेषण, गुप्त सूचनाओं और लगातार निगरानी के आधार पर टीम ने गुजरात, राजस्थान, लोनावला और महाबलेश्वर समेत कई स्थानों पर तलाश की. आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा, जिससे गिरफ्तारी में समय लगा.
वेश बदलकर पकड़ा गया आरोपी
डीसीपी मनीष कलवनिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुंबई के आग्रीपाड़ा क्षेत्र की एक इमारत में छिपा हुआ है. इसके बाद टीम ने करीब छह घंटे तक निगरानी रखी और अलग-अलग वेश धारण कर उसे पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबीद यूसुफ अंसारी (51) निवासी नागपाड़ा, मुंबई के रूप में हुई है.
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मुंबई, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में इसी तरह की धोखाधड़ी के कई मामलों में वांछित है. जलगांव की अदालत ने उसे पहले ही फरार घोषित कर रखा था. पुलिस अब उससे अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version