मुंबई: मुंबई के धारावी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूटर पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद में 22 वर्षीय युवक अश्विन नाडर की नृशंसता पूर्वक हत्या कर दी गई। इस वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पूरे शहर में जबरदस्त आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है।
पार्किंग विवाद का सामने आया खूनी अंजाम
यह घटना 16 मार्च को हुई, जब स्कूटर पार्किंग को लेकर अश्विन और उसके दोस्त आशिक खान के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान आशिक खान ने बेहद क्रूरता से अश्विन पर हमला कर दिया।
वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप
घटना के वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि आरोपी ने अश्विन के गले में रस्सी बांधकर उसे जमीन पर घसीटा और बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल अश्विन लगातार ‘भाई-भाई’ कहकर रहम और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावर का दिल नहीं पसीजा।
कुछ ने आरोपी का दिया साथ
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने आरोपी का समर्थन भी किया और जो लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें धमकाकर भगा दिया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर हालत में अश्विन को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
आरोपी गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक खान को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 24 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में आरोपी की मदद करने वाले अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस का सख्त रुख
पुलिस के अनुसार, सामने आए सबूत इस घटना को बेहद गंभीर और क्रूर बताते हैं। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version