मुंबई : मुलुंड इलाके में होलिका दहन के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक ऑटो रिक्शा चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में घायल ऑटो चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना विजयनगर इलाके के जे.एन. रोड स्थित आर्यभट्ट गार्डन के सामने सोमवार (2 फरवरी) रात को हुई। 44 वर्षीय ऑटो चालक आनंद रामलाल बनकर होलिका दहन देख रहे थे, तभी 19 वर्षीय मित सिंदल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आनंद बनकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अग्रवाल जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी पीठ पर आठ और गर्दन पर पांच टांके लगाए।
मां के साथ संबंध होने का शक
पुलिस के अनुसार, आरोपी मित सिंदल को शक था कि उसकी मां और आनंद बनकर के बीच प्रेम संबंध हैं। इसी शक के कारण वह लंबे समय से आनंद के प्रति रंजीश रखता था। पीड़ित आनंद बनकर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मित पहले उनके ही इलाके में रहता था और बाद में आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
पहले भी कर चुका है हमला
पुलिस जांच में सामने आया है कि अक्टूबर 2023 में भी मित सिंदल ने आनंद बनकर पर हमला किया था। उस समय घायल होने के बाद आनंद को 21 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। बताया जा रहा है कि मित सिंदल किसी अन्य मामले में जेल में बंद था और करीब 15 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद वह आनंद बनकर की तलाश कर रहा था।
शादी के कार्ड बांटकर लौट रहा था पीड़ित
घटना के समय आनंद बनकर अपने मामा नारायण जाधव के साथ रिश्तेदारों को शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे वे आर्यभट्ट गार्डन के पास होलिका दहन देखने के लिए रुक गए। इसी दौरान मित सिंदल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे पहले कि आनंद कुछ समझ पाते, मित ने उनके गले पर चाकू से वार कर दिया। वहीं उसके एक साथी ने उनकी पीठ पर हमला किया।
लोगों को चाकू दिखाकर दी धमकी
जब आनंद के भाई प्रकाश बनकर और मामा नारायण जाधव उन्हें बचाने के लिए दौड़े, तो आरोपियों ने हवा में चाकू लहराकर भीड़ को डराने की कोशिश की। आरोपियों ने बीच-बचाव करने वालों को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
हमले के बाद घायल आनंद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस मामले में मुलुंड पुलिस ने मुख्य आरोपी मित सिंदल और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version