हत्या की वारदात से मुंबई में हड़कंप
मुंबई : मुलुंड रेलवे स्टेशन पर हत्या की एक सनसनीखेज घटना घटित हुई है, जहां एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 36 वर्षीय पत्नी को चलती लोकल ट्रेन के आगे धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका (पुष्पा गुप्ता) और आरोपी पति राजू गुप्ता (42) के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। राजू की प्रताड़ना से परेशान होकर पुष्पा घर छोड़ कर यूपी स्थित अपने भाई के घर जाने के लिए मुलुंड स्टेशन पहुंची थी। उसी दौरान उसे मानने के लिए स्टेशन पहुंचे राजू ने गुस्से में आकर पुष्पा को ट्रेन के आगे दिया।
प्लेटफॉर्म पर बेटे के सामने दिया वारदात को अंजाम
14 मार्च को मुलुंड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़े होकर आरोपी ने पत्नी को मनाने की कोशिश की, लेकिन मना करने पर उसने चलती लोकल ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने अपने नाबालिग बेटे के सामने पत्नी को चलती लोकल ट्रेन के सामने फेंक कर मौत के घाट उतार दिया।
शिकायत के बाद भी नहीं थमा विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना से कुछ महीने पहले ही पुष्पा ने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद वह यूपी स्थित अपने मायके चली गई थी। लेकिन बेटे की परीक्षा और अपने फौजी भाई कमलेश कुमार के समझाने पर वह न चाहते हुए भी वापस मुंबई लौटी थी।
नहीं बदला राजू का बर्ताव
राजू को समझाने की बात कह कर कमलेश खुद पुष्पा को छोड़ने मुंबई आया था। लेकिन कुछ दिन अलग रहने के बाद भी राजू का स्वभाव नहीं बदला। पुष्पा ने दोबारा पुलिस में शिकायत की तो राजू आग बबूला हो गया था। वह और ज्यादा झगड़ा करने लगा था। इसलिए पुष्पा वापस कमलेश के साथ गांव जा रही थी।
साजिश के तहत दिया वारदात को अंजाम
मुलुंड स्टेशन पर टिकट लेने के दौरान कमलेश को पता चला कि उनका एटीएम कार्ड घर पर छूट गया है, जो कि असल में राजू ने पहले ही चुरा लिया था। कमलेश ने फोन करके पूछा तो राजू ने कार्ड घर पर ही होने की बात स्वीकार कर ली। लेकिन जब कमलेश कार्ड लेने घर पहुंचा उन्हें लेने गए, तो वह कमलेश से मारपीट करने लगा। पिटाई के बाद बेटे की मदद से कमलेश को घर में बंद करके राजू मुलुंड स्टेशन पहुंच गया। वह वहां पुष्पा से घर वापस चलने को कह रहा था, जबकि पुष्पा उसे लगातार तलाक की धमकी दे रही थी। इससे राजू आपा खो बैठा और उसने उसी दौरान प्लेटफार्म पर आ रही लोकल ट्रेन के आगे पुष्पा को फेंक दिया। ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हुई पुष्पा को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद सूरत भागा राजू
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने बेटे के साथ भाग कर सूरत पहुंच गया। लेकिन रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। राजू ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था। सीसीटीवी फुटेजों से पता चला कि वह पहले ठाणे गया और वहां से दादर होते हुए विरार पहुंचा और वहां से सूरत भाग गया। 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगालते हुए रेलवे पुलिस की एसटीएफ (विशेष कृती दल) टीम भी सूरत पहुंच गई। एसटीएफ ने अथक परिश्रम के बाद सूरत क्राइम ब्रांच की मदद से 20 घंटे से भी कम समय राजू को दबोच लिया।
आरोपी का चौंकाने वाला बयान
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इसी शक और गुस्से में उसने हत्या की बात कबूल की।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
इस मामले में कुर्ला रेलवे पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
STF टीम की बड़ी कामयाबी
लोहमार्ग मुंबई आयुक्तालय के निर्देश पर गठित STF, क्राइम ब्रांच और विभिन्न यूनिट्स की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस गंभीर मामले का खुलासा किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
