किशोर की मौत, एक युवक लापता, एक शख्स जख्मी
मुंबई : महानगर मुंबई पिछले आठ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। शहर में डूबने और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कांदिवली में कुएं में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वहीं चारकोप के दिंगेश्वर तालाब में 17 वर्षीय युवक की तलाश जारी है। दूसरी ओर अंधेरी पूर्व में पेड़ की शाखा गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया।
कुएं में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत
बीएमसी के अग्निशमन नियंत्रण कक्ष (BMC MFB Control) के अनुसार 5 जुलाई को कांदिवली पश्चिम के सागवाड़ी चॉल के पीछे, एमजी क्रॉस रोड नंबर 4 स्थित मकागो होटल (Makago Hotel) के पास एक 16 वर्षीय किशोर कुएं में डूब गया। अग्निशमन कर्मियों ने रस्सी और सीढ़ी की मदद से उसे बाहर निकाला और निजी निधि अस्पताल (Nidhi Hospital) पहुंचाया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रीत संदीप गनवे (Prit Sandeep Ganve), उम्र 16 वर्ष, को अस्पताल लाने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। घटना के दौरान पुलिस और 108 एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद थीं।
दिंगेश्वर तालाब में युवक की तलाश जारी
इसी दिन कांदिवली पश्चिम के चारकोप गांव स्थित दिंगेश्वर तालाब (Dingeshwar Talav) में करीब 17 वर्षीय युवक के डूबने की सूचना मिली। बीएमसी अग्निशमन विभाग की टीम लगातार खोज अभियान चला रही है। विभाग के अनुरोध पर एनडीआरएफ (NDRF) की टीम भी मौके पर भेजी गई है। पुलिस और 108 एंबुलेंस भी तैनात हैं। युवक के संबंध में अंतिम जानकारी का इंतजार है।
अंधेरी में पेड़ की शाखा गिरने से व्यक्ति घायल
लगातार बारिश के कारण पेड़ों की शाखाएं गिरने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। 8 जुलाई को अंधेरी पूर्व के नागरदास रोड स्थित डी जे हाउस (D J House) और अंधेरी सबवे के पास सड़क किनारे पेड़ की एक शाखा टूटकर एक राहगीर पर गिर गई। घायल की पहचान आदेश गायकवाड़ (Aadesh Gaikar), उम्र 50 वर्ष, के रूप में हुई है। उन्हें कूपर अस्पताल (Cooper Hospital) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। घटना के बाद बीएमसी अग्निशमन विभाग, पुलिस, बेस्ट (BEST) और उद्यान विभाग ने मौके पर राहत कार्य किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version