मुंबई : शिवड़ी इलाके में उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. मिनर्वा कंपाउंड के पास सड़क पर हुए झगड़े में एक युवक की स्क्रूड्राइवर घोंपकर हत्या कर दी गई. इस मामले में शिवड़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
खाने के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 22 मई 2026 की रात करीब 2.30 बजे से 2.50 बजे के बीच रामगढ़, शिवड़ी स्थित मिनर्वा कंपाउंड के पास मोहन कोली की गुमटी (सड़क किनारे बनी छोटी दुकान) के सामने हुई. शिकायतकर्ता खालिद रमजान हाशमी अपने साथियों के साथ बैठकर खाना खा रहा था. इसी दौरान उधार में दिए गए पैसों को लेकर जसिम सय्यद और समीर नासिर शेख के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
स्क्रूड्राइवर से किया हमला
देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि जसिम सय्यद ने अपनी स्कूटी में रखा स्क्रूड्राइवर निकाला और समीर शेख की गर्दन पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल समीर को शिकायतकर्ता और अन्य लोगों ने तुरंत इलाज के लिए केईएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दो की तलाश जारी
शिवड़ी पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी किसन जयदीप पांडे उर्फ दुबे को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं रिजवान समीर शेख और जसिम सय्यद फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की जांच शिवड़ी पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक मनोरे कर रहे हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की जांच में जुटी है.
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
