मुंबई: मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने गोरेगांव के एक कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन से 10.5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में से एक छोटे पर्दे की मराठी अभिनेत्री बताई जा रही है। आरोपियों ने बिजनेसमैन के बेटे को छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने और परिवार को बदनाम करने की धमकी दी थी।
सगाई की पार्टी में ‘लेजर लाइट’ पर झगड़ा
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला अंधेरी वेस्ट के एक होटल में हुई सगाई की पार्टी से शुरू हुआ। बिजनेसमैन के बेटे की सगाई 5 नवंबर को हुई थी, जिसकी सेलिब्रेशन पार्टी 14 नवंबर को रखी गई थी। पार्टी के दौरान लेजर लाइट के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया।
शिकायत वापस लेने के लिए पैसों की मांग
विवाद के कुछ दिनों बाद, 23 नवंबर को महिलाओं ने अंबोली पुलिस स्टेशन में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आरोपियों ने बिजनेसमैन से संपर्क किया और मामला “रफा-दफा” करने और शिकायत वापस लेने के बदले 10.5 करोड़ रुपए की मांग की। उन्होंने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले तो वे सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए उनके परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल कर देंगी।
पुलिस के बिछाए जाल में फंसी
नेगोशिएशन के बाद फिरौती की रकम 5.5 करोड़ रुपए तय हुई। बिजनेसमैन ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। मंगलवार को जब आरोपी महिलाएं लोअर परेल में फिरौती की पहली किस्त के रूप में 1 करोड़ रुपये नकद लेने पहुंचीं, तो एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने जाल बिछाकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, जबरन वसूली और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version