मुंबई : पवई इलाके में हुए सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। एक सप्ताह पहले हुए विवाद की रंजिश में आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी थी। क्राइम ब्रांच की कक्ष 10 टीम ने तकनीकी जांच और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को ढूंढ निकाला।
तुंगा गांव में हुई थी हत्या
पवई पुलिस थाना क्षेत्र के तुंगा गांव स्थित लोढा सुप्रीमस आउट गेट, साकी विहार रोड पर 24 मई 2026 की रात करीब 8.30 बजे युसुफ नामक 55 वर्षीय व्यक्ति पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में उसकी छाती के बाईं ओर गहरे घाव हुए थे, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पवई पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामला दर्ज होने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की कक्ष 10 टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसके गुजरात के सूरत शहर में छिपे होने की जानकारी हासिल की।
गुजरात से दबोचा गया आरोपी
पुलिस टीम ने सूरत के जीआईडीसी इलाके में पुष्पक नगर, राजस्थानी स्कूल के पास छापा मारकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि एक सप्ताह पहले हुए विवाद का बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक उर्फ दीपु नथूप्रसाद वर्मा (26) के रूप में हुई है। वह मुंबई के तुंगा गांव स्थित शिवम स्कूल के पास रहता था, जबकि उसका मूल निवास उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू तहसील क्षेत्र में है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पवई पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (गुन्हे) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले और सहायक पुलिस आयुक्त सदानंद राणे के मार्गदर्शन में की गई। इस ऑपरेशन को क्राइम ब्रांच कक्ष 10 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल राजे समेत अन्य अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version