191 किलोमीटर तक शव के साथ सफर

मुंबई: नवी मुंबई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पुलिस सिपाही ने अपनी पत्नी के कथित प्रेम संबंध के शक में अपने एक परिचित की हत्या कर दी।
6 फरवरी को सातारा जिले के खंडाला तालुका के सुखेड गांव स्थित एक खेत की कुएं में अधजला शव मिला था। लोणंद पुलिस ने जांच शुरू की और महज तीन दिनों में इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। जांच में पता चला कि हत्या नवी मुंबई के कलंबोली इलाके में की गई थी। आरोपी ने शव को कार की अगली सीट पर रखकर करीब 191 किलोमीटर का सफर तय किया और सुखेड गांव पहुंचकर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाकर कुएं में फेंक दिया।
आरोपी निकला पुलिस सिपाही
मुख्य आरोपी की पहचान बंडू भिसे के रूप में हुई है, जो रबाले एमआईडीसी पुलिस थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। वह कलंबोली के रोडपाली इलाके में रहता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि भिसे को शक था कि उसके मित्र सोमनाथ बोबडे का उसकी पत्नी के साथ प्रेम संबंध है। इसी शक के चलते उसने 5 फरवरी को सोमनाथ को मिलने बुलाया और अपने तीन अन्य दोस्तों (विजय पवार, किरण गायकवाड़ और श्रीनिवास लोणे) की मदद से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुणे में संदिग्ध कार की पहचान होने के बाद मामला सुलझा। पूछताछ में सहयोगियों ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद भी मुख्य आरोपी ने जुर्म कबूलने से इनकार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version