नवी मुंबई के तुर्भे में दिल दहला देने वाली घटना
आरोपी मां गिरफ्तार

नवी मुंबई : तुर्भे स्थित खैरणे एमआईडीसी क्षेत्र के श्रमिक नगर से 5 दिन के नवजात बच्चे की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल दहला देने वाली इस घटना में तुर्भे पुलिस ने मृत बच्चे की मां अश्विनी योगेश चंदनशिवे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी मां ने अपने ही पांच दिन के मासूम बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी। (Navi Mumbai Turbhe Police Station news)
दूसरे बच्चा नहीं चाहती थी आरोपी
पुलिस जांच के अनुसार, अश्विनी चंदनशिवे दूसरी बार गर्भवती हुई थी। वह इस बच्चे को जन्म नहीं देना चाहती थी और इसके लिए उसने गर्भपात कराने के उद्देश्य से डॉक्टरों से संपर्क किया था। हालांकि गर्भावस्था काफी आगे बढ़ चुकी होने के कारण डॉक्टरों ने कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए गर्भपात करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उसे अनिच्छा के बावजूद गर्भ को पूरा समय तक रखना पड़ा।
ननद के घर में दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर आरोपी महिला अपनी ननद के घर पर मौजूद थी। इसी दौरान दूसरे बच्चे की जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहने के कारण उसने अपने पांच दिन के नवजात का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। कुछ समय बाद जब बच्चे की कोई हलचल नहीं हुई तो ननद को संदेह हुआ और उसने अश्विनी से पूछताछ की। इस दौरान महिला ने स्वयं बच्चे की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही तुर्भे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। (Navi Mumbai Turbhe Police Station news)

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version